कुरुक्षेत्र। आयुष विवि में एमओयू दिखाते कुलपति वैद्य करतार सिंह धीमान एवं अन्य अधिकारी। संस्था
कुरुक्षेत्र। श्रीकृष्ण आयुष विश्वविद्यालय के आयुर्वेद अध्ययन व अनुसंधान संस्थान के रोग निदान एवं विकृति विज्ञान विभाग और डॉ. मित्तल पैथ लैब के बीच शैक्षणिक, शोध व प्रयोगशाला प्रशिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एमओयू किया गया। इसके तहत विद्यार्थियों और शोधार्थियों को आयुर्वेदिक डायग्नोस्टिक्स, इम्यूनोलॉजी, हिस्टोपैथोलॉजी और लैब आधारित रिसर्च में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
एमओयू पर विश्वविद्यालय की ओर से कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत गुप्ता, विभागाध्यक्ष डॉ. दीप्ति पराशर और डॉ. रणधीर सिंह ने हस्ताक्षर किए। डॉ. मित्तल पैथ लैब की ओर से निदेशक डॉ. नीरज मित्तल और पीएचडी माइक्रोबायोलॉजिस्ट डॉ. परवीन सुरैन ने हस्ताक्षर किए। कुलपति प्रो. वैद्य करतार सिंह धीमान ने कहा कि आयुर्वेद शिक्षा को आधुनिक डायग्नोस्टिक तकनीकों और प्रयोगशाला अनुसंधान से जोड़ना समय की आवश्यकता है। सहयोग से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा और आयुर्वेदिक शोध को नई दिशा प्राप्त होगी।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को पारंपरिक ज्ञान के साथ आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से भी जोड़ना है। कुलसचिव डॉ. कृष्णकांत गुप्ता ने कहा कि एमओयू से विद्यार्थियों को आधुनिक लैब सुविधाओं और रिसर्च आधारित प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा। ऐसे सहयोगात्मक प्रयास शिक्षा, अनुसंधान और कौशल विकास को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। डॉ. दीप्ति पराशर ने बताया कि एमओयू के तहत दोनों संस्थान संयुक्त रूप से अकादमिक प्रशिक्षण, क्लीनिकल, लैब रिसर्च, डेटा विश्लेषण, वर्कशॉप, सेमिनार और प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करेंगे।
विद्यार्थियों को आधुनिक प्रयोगशाला तकनीकों, माइक्रोस्कोपिक मूल्यांकन और पैथोलॉजिकल जांच प्रक्रियाओं का प्रत्यक्ष अनुभव भी मिलेगा। समझौते के अनुसार विश्वविद्यालय विद्यार्थियों व शोधार्थियों के चयन, शैक्षणिक समन्वय और नैतिक दिशा-निर्देशों के पालन की जिम्मेदारी निभाएगा, जबकि डॉ. मित्तल पैथ लैब प्रयोगशाला सुविधाएं, तकनीकी सहयोग और प्रशिक्षण उपलब्ध कराएगी। इस अवसर पर आयुर्वेद अध्ययन व अनुसंधान संस्थान के प्राचार्य प्रो. आशीष मेहता सहित अन्य मौजूद रहे।
कुरुक्षेत्र। आयुष विवि में एमओयू दिखाते कुलपति वैद्य करतार सिंह धीमान एवं अन्य अधिकारी। संस्था