स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज द्वारा श्रीकृष्णा आयुर्वेदिक कॉलेज में छापेमारी के दौरान खामियों का खुलासा होने के बाद शुक्रवार को आयुष विभाग के महानिदेशक डॉ. गुलशन आहुजा ने भी यहां का दौरा किया।
उन्होंने कॉलेज प्रशासन और स्टाफ से वहां के हालातों और बीमारियां (खामियों) की जानकारी हासिल की। स्टाफ की शिकायतें सुनकर वे स्वयं हैरान रह गए। इस दौरान हरियाणा आयुर्वेदिक टीचर्स एसोसिएशन ने उनके सामने खामियों की सूची रखी तो हालातों को सुनकर वे आश्वासन देते नजर आए।
आयुष महानिदेशक डॉ. गुलशन आहुजा ने कॉलेज स्टाफ से स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज की ओर से छापामारी में निकाली गई खामियों पर अधिकारियों से सफाई मांगी।
करीब तीन घंटे तक चली लंबी क्लास में महानिदेशक ने तो उन मुद्दों को उठाया जो स्वास्थ्य मंत्री द्वारा वीरवार को छापामारी के दौरान उठाए गए थे। हरियाणा आयुर्वेदिक शिक्षक एसोसिएशन अध्यक्ष डॉ. अशोक राणा ने इस दौरान कहा कि अस्पताल व कॉलेज की असलियत से सरकार को वाकिफ नहीं कराया जा रहा है। इस कारण कॉलेज दुर्दशा का शिकार होता जा रहा है।
स्टाफ सदस्यों ने ये गिनवाईं खामियां
इस दौरान स्टाफ सदस्यों ने बताया कि आयुष अस्पताल में दवाइयां ही उपलब्ध नहीं हैं। लेबोरेटरी में शुगर जांच करने तक की सुविधा उपलब्ध नहीं है।
अस्पताल में ऑटो एनेलाइजर नहीं है। अस्पताल कम कॉलेज में पैरामेडिकल स्टाफ, पंचकर्म और फिजीयोथैरेपी की सुविधा ही नहीं है। 100 बेड के अस्पताल में महज दो नर्स हैं। 25 वर्ष पुरानी एक्सरे मशीन पिछले दो माह से बंद पड़ी है।
संसाधन हैं तो चलाने वाले नहीं
अस्पताल स्टाफ सदस्यों ने बताया कि यहां एंबुलेंस तो है, लेकिन उसे चलाने वाले नहीं हैं। लाइब्रेरी है, लेकिन लाइब्रेरियन नहीं, लेबोरेटरी है, लेबोरेटरी असिस्टेंट नहीं, हर्बल पार्क है, लेकिन माली उपलब्ध नहीं। दवाइयों की जांच करने वाली लैब उपकरणों के साथ लैस होने के बाद भी बंद पड़ी है।
ये है मामला
बता दें कि वीरवार को स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने प्रदेश के एकमात्र श्रीकृष्णा आयुर्वेदिक कालेज का दौरा किया था। इस दौरान उन्हें काफी खामियां मिली थी। इस पर उन्होंने कहा था कि एक ओर प्रदेश सरकार इसे आयुर्वेदिक विश्वविद्यालय बनाना चाहती है, लेकिन दूसरी ओर यहां कालेज की भी सुविधाएं पूरी नहीं है। अस्पताल में मिली खामियों के बाद शुक्रवार को आयुष महानिदेशक डॉ. सुनील आहूजा ने शुक्रवार को ही अस्पताल का दौरा किया।