राजेश शांडिल्य
कुरुक्षेत्र। खास ढंग से सजे हुए ट्रैक्टरों के काफिले में राहुल गांधी के काफिले का स्वागत गीता जन्मस्थली ज्योतिसर और पिपली में वहां होगा, जहां पिछले दिनों लाठीचार्ज के बाद किसान आंदोलन की चिंगारी भड़की थी। राहुल गांधी के काफिले में ट्रैक्टरों की अच्छी खासी संख्या जुटाने के लिये कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा ने जीटी रोड बेल्ट के छह जिलों की विधानसभा क्षेत्र के स्तर पर ड्यूटियां लगाई हैं। ताकि इन जिलों के हलकों से सजे धजे ट्रैक्टर राहुल गांधी के काफिले में शामिल हो सकें। काफिले में ट्रैक्टर जुटाने का जिम्मा छह जिलों के हलकों के विधायकों और पूर्व विधायकों सहित बड़े कांग्रेसी नेताओं एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं के कंधों पर होगा।
रविवार को कुमारी सैलजा ने स्पष्ट कर दिया है कि राहुल गांधी के काफिले में जितने भी ट्रैक्टर होंगे, उन्हें अच्छी तरह से सजा कर लाना होगा और इसकी बाकायदा मॉनीटरिंग भी होगी। इसके लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) कई जगह कैमरों की व्यवस्था करेगी। इसलिस जो जिम्मेदारी लें उसे पूरा करना सुनिश्चित करें। जाहिर है कि किसान आंदोलन के चलते राहुल गांधी पंजाब दौरे पर हैं और 6 अक्तूबर को पंजाब से कुरुक्षेत्र जिले की सीमा में 12 बजे गांव ट्यूकर के रास्ते प्रवेश करेंगे। इस मौके पर हरियाणा के कई दिग्गज नेता और सक्रिय कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे। यहां से राहुल गांधी का दौरा शुरू होगा और पिहोवा, ज्योतिसर कुरुक्षेत्र एवं पिपली में उनका स्वागत होगा। छह अक्तूबर को वे कुरुक्षेत्र में ही रहेंगे और सात अक्तूबर को सुबह नौ बजे करनाल जिला के लिये रवाना होंगे।
ये 6 जिले बनाएंगे राहुल के दौरे को खास
जीटी बेल्ट सहित राहुल गांधी के कुरुक्षेत्र दौरे को खास बनाने के लिये प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने कमर कस ली है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने जीटी बेल्ट के अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, कैथल और पानीपत जिलों के विधायकों, पूर्व विधायकों सहित सक्रिय कार्यकर्ताओं की बैठक में यह स्पष्ट किया है कि व्यवस्था में किसी प्रकार की कमी न रहे।
कुरुक्षेत्र में आज ही डेरा डाल लेंगे दिग्गज कांग्रेसी
राहुल गांधी के दौरे को लेकर कुरुक्षेत्र में कई कांग्रेसी दिग्गज पांच अक्तूबर को ही कुरुक्षेत्र में डेरा डाल सकते हैं। प्रदेशाध्यक्ष कुमारी सैलजा आज देर रात तक कुरुक्षेत्र में ही रहीं और सोमवार को उनके अलावा हरियाणा कांग्रेस के प्रभारी विवेक बंसल और संगठन के कई राष्ट्रीय स्तर के पदाधिकारियों के पहुंच सकते हैं।