कुरुक्षेत्र। रोड़ धर्मशाला में आयोजित बैठक में हिस्सा लेते समाज के लोग। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। अखिल भारतीय रोड़ महासभा की कार्यकारिणी के चुनाव सर्वसम्मति से कराए जाने के लिए कवायद शुरू हो गई है। बुधवार को समाज के प्रबुद्ध लोगों की सर्व सहमति समिति के तत्वावधान में धर्मशाला में बैठक हुई जिसमें विस्तार से मंथन किया गया।
बैठक में प्रधान पद के उम्मीदवार पाला राम ने बैठक में पहुंच कर समिति के सदस्यों की इस पहल का स्वागत किया और कहा कि यदि सर्वसम्मति बनती है तो उसमें वे अपनी ओर से हर संभव सहयोग प्रदान करेंगे।
इस दौरान प्रधान पद के ही दूसरे उम्मीदवार रामपाल पलवल ने कहा कि समाज में बहुत से कार्य करवाने की जरूरत है। सभी कार्य प्रमुखता से किए जाएंगे। बलजीत सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में अखिल भारतीय रोड़ महासभा के चुनाव के लिए चुने गए कुरुक्षेत्र, उतरप्रदेश, चंडीगढ़ व यमुनानगर के डेलिगेट व समाज के लोगों ने भाग लेकर महासभा के चुनाव के लिए समाज की सर्वसम्मति पर अपने-अपने सुझाव दिए।
सभी डेलिगेट्स ने अपने सुझावों में समिति की ओर से सर्वसम्मति के प्रयासों की सराहना की और कहा कि समिति के सभी सदस्य जो पिछले लंबे समय से समाज के लोगों के बीच जाकर पूरे समाज की एकता व भाईचारे के लिए चुनाव में सर्वसम्मति का प्रयास कर रहे हैं, वह सराहनीय है। बैठक में मंच का संचालन अजमेर आर्य ने किया।