संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। श्रीमद्भागवत गीता वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित विभिन्न विषयों की चार दिवसीय कार्यशाला के तीसरे दिन का शुभारंभ सेवानिवृत्त खंड शिक्षा अधिकारी चेतराम शर्मा, राजकुमार व विवेकानंद स्कूल करनाल की प्रवक्ता पूजा सेठी ने किया। मुख्य वक्ता पूजा सेठी ने बताया कि शिक्षा क्षेत्र में मूल्यांकन पद्धति परीक्षा पर आधारित है, तो हम इस प्रकार का प्रश्नपत्र तैयार करें, जिससे छात्रों का ठीक प्रकार मूल्यांकन हो सके। एक अच्छा प्रश्न ही बच्चे के ज्ञान का मूल्यांकन का साधन हो सकता है।
द्वितीय सत्र में अंग्रेजी विषय के विशेषज्ञ रामकुमार लोहान ने मार्गदर्शन किया। उन्होंने बताया की एक सात या आठ साल के बालक में किसी भी भाषा को सीखने की क्षमता किसी भी व्यस्क की तुलना में कई गुना अधिक होती है। छोटी आयु में बच्चा किसी भी भाषा को जल्दी सीखता है तो अधिक जिम्मेदारी छोटी कक्षाओं में पढ़ाने वाले आचार्य की बनती है।
सामाजिक विषय कार्यशाला में गीता निकेतन आवासीय विद्यालय की प्रवक्ता विनीता गर्ग ने बताया कि पोर्टफोलियो का बच्चे के सर्वांगीण विकास में बड़ा महत्वपूर्ण योगदान है। पोर्टफोलियो आइने का काम करता है। उसमें वह स्वयं की गलतियां देखकर भविष्य में उन गलतियों में सुधार कर सकता है। बच्चे की प्रगति में पोर्टफोलियो की अहम भूमिका होती है। भूगोल विशेषज्ञ लवकेश नेा भूगोल में मानचित्रों के बारे में श्रोताओं की उत्कंठा को शांत किया।
हिंदी विषय विशेषज्ञ के रूप में जगन्नाथ ने हिंदी के वर्णों के उच्चारण स्थान के बारे में मार्गदर्शन किया। इस अवसर पर विद्या भारती प्रांत प्रशिक्षण प्रमुख रामकुमार , प्रांत शैक्षिक प्रमुख शेषपाल, हिंदी विषय के संयोजक संतोष, गीता कन्या विद्यालय की प्राचार्य सुमन बाला ,सह शिक्षा विद्यालय की प्राचार्य राजकुमारी, मेजर नितिन बाली विद्यालय के प्राचार्य सोमदत्त शर्मा ,सामाजिक विषय की संयोजक सुरेंद्र कौर आदि मौजूद रहीं।