कुरुक्षेत्र। जीटीरोड पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम बनकर गश्त करने वाले छह सदस्यी फर्जी पुलिस गिरोह से चार लाख रुपये की नकदी, पिस्तौल, कारतूस और स्कार्पियो गाड़ी बरामद की गई है। इस गिरोह में जींद और सोनीपत वासी छह युवक शामिल बताए गये हैं, जोकि जीटी रोड पर फर्जी पुलिस टीम बनकर गाड़ियों की तलाशी के बहाने डकैती और लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। यह खुलासा पुलिस रिमांड के दौरान उक्त छह में से चार युवकों ने किया है। इन्होंने अपने-अपने दो अन्य दो साथियों की जानकारी भी पुलिस को दी है। इनकी गिरफ्तारी के लिये पुलिस टीम गठित कर छापामारी जारी है।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त गिरोह पुलिस की तरह जीटी रोड पर पेट्रोलिंग टीम की तरह गश्त करते थे और टॉर्च दिखाकर रात के समय गाड़ियों को सुनसान जगहों पर रोककर डकैती और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देते थे। बता दें कि पांच अगस्त को अपराध शाखा की टीम ने थाना सदर थानेसर क्षेत्र में हथियारों के बल पर ट्रक व 8 लाख रुपये की लूट करने के चार आरोपियों को गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किये गये आरोपियों में विकास उर्फ विक्की वासी बरोदा, संदीप वासी हथवाला जिला जींद, राहुल उर्फ मंगला वासी पोली जिला जींद और जितेंद्र वासी धनाना जिला सोनीपत को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी के बाद स्थानीय अदालत में पेश किया था, जहां इन्हें चार दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर इनसे पूछताछ की गई थी। इसी पूछताछ में फर्जी पेट्रोलिंग टीम बनकर जीटी रोड पर आपराधिक वारदातों को अंजाम देने का खुलासा हुआ है। पुलिस को उम्मीद है कि उक्त गिरोह के अन्य दो साथियों की गिरफ्तारी के बाद अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।
गोहाना पोल्ट्री फार्मर ने 14 अगस्त को कराई थी डकैती की एफआईआर
पुलिस अधीक्षक आस्था मोदी ने बताया कि 14 अगस्त 2019 को कृष्ण पुत्र राजपाल सिंह वासी सोनीपत ने थाना सदर थानेसर पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया था कि वह खेतीबाड़ी के साथ मुर्गी फार्म का काम करता है। शिकायतकर्ता के अनुसार 13 अगस्त 2019 को करीब 7 बजे पर अपने ट्रक पर चालक अमित कुमार पुत्र रामकुमार वासी गोहाना व विनोद कुमार पुत्र राज सिंह वासी गोहाना को एक पैकेट में 8 लाख रुपये लुधियाना पंजाब से सोया लाने के लिये व गाड़ी का खर्चा साढ़े 11 हजार देकर भेजा था, लेकिन नकदी लेकर लौटते समय रास्ते में इनके साथ डकैती की वारदात पेश आई, जिसकी सूचना उनके ट्रक के चालक ने फोन पर दी थी।
एसपी ने सीआईए को दिया था जांच का जिम्मा
पुलिस को दी जानकारी में ट्रक के मालिक कृष्ण ने पुलिस को बताया था कि घटना की रात करीब 11 बजे ट्रक के चालक ने उसको फोन पर सूचना दी कि एक स्कार्पियो गाड़ी में सवार 6 युवकों ने हथियार के बल पर अपनी स्कार्पियो गाड़ी को ट्रक अड़ा कर पहले कागज मांगे फिर चालक अमित कुमार व सहचालक विनोद कुमार को स्कार्पियो में रोक लिया और ट्रक को उनमें से 2 युवक ट्रक को छीन कर खानपुर कोलियां की तरफ ले गए और चालक व सह चालक को शाहाबाद बराडा रोड पर उतार कर खेतों की तरफ भगा दिया । इन्होंने धमकी भी दी कि रुके तो गोली मार देंगे। इस संदर्भ में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस अधीक्षक ने उक्त प्रकरण की जांच सीआईए को दी थी।
उमरी और पानीपत से सीआईए ने चार युवक किये गिरफ्तार
सीआईए टीम को गुप्त सूचना मिली की राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रक से डकैती करने का एक आरोपी इस समय उमरी चौक पर किसी साधन के इंतजार में खड़ा है। जिस पर पुलिस टीम तत्परता से कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप पुत्र फूल सिंह वासी हथवाला जिला जींद को काबू करके पूछताछ की जिसने पूछताछ में स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य 5 साथियों के साथ मिलकर राष्ट्रीय रजमार्ग-44 से एक ट्रक से 8 लाख रुपये व ट्रक छीना था। जो ट्रक को बाद में वारदात के स्थान से 3 से 4 किलोमीटर दूर जाकर छोड़ा था और 8 लाख नकद लेकर फरार हो गये थे। गिरफ्त में आए आरोपी ने यह भी बताया था कि इस वारदात में शामिल उसके तीन साथी इस समय पानीपत में मिल सकते हैं। जिसके बाद पुलिस टीम ने उसकी निशानदेही पर डकैती में शामिल अन्य तीन साथियों को बस स्टैंड पानीपत से गिरफ्तार किया।