गत दिनों चार क्विंटल एक किलोग्राम 785 ग्राम चूरापोस्त के साथ पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर मुख्य तस्कर भी पुलिस के हत्थे चढ़ गया। आरोपी की पहचान किशन लाल पुत्र मांगी लाल वासी गांव पदमपुरा थाना मंगलवाडा जिलाचितौड़गढ़ (राजस्थान) के रूप में हुई है।
पुलिस उपाधीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि 29 जनवरी को सीआईए वन की टीम पिहोवा में कैथल रोड पर गश्त कर रही थी। इस दौरान टीम को गुप्त सूचना मिली कि विजय कुमार पुत्र बीरी सिंह वासी रोपडु जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) कंटेनर चलता है, जो कि अपनी गाड़ी में सामान के साथ मध्य प्रदेश व राजस्थान से डोडा चूरापोस्त खरीद कर लाता है। विजय करीब एक साल से यह धंधा कर रहा है। आज भी वह अपनी गाड़ी में डोडा चूरापोस्त लोड करके राजस्थान से कैथल-पिहोवा बाईपास से होते हुए नालागढ़ (हिप्र) जाएगा। सूचना पाकर पुलिस टीम ने गुमथलागढ़ू पुलिस चौकी के पास नाकाबंदी करके आरोपी विजय व उसके साथी गुरमुख उर्फ कोका वासी लुखी को काबू करके कंटेनर से 14 कट्टों में चार क्विंटल एक किलोग्राम 785 ग्राम चूरापोस्त बरामद करके अदालत से नौ दिन के पुलिस रिमांड पर लिया था। इस मामले में पुलिस आरोपियों की निशानदेही पर मुख्य तस्कर किशन लाल तक पहुंची और उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है।