संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। हरियाणा के स्वास्थ्य निदेशक के सोमवार को निर्धारित दौरे से पहले लोकनायक जयप्रकाश जिला नागरिक अस्पताल प्रशासन ने व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी है।
पिछले दौरे में स्वास्थ्य निदेशक द्वारा प्रशासन को फटकार लगाए जाने के बाद इस बार कोई कोताही न बरतने के लिए सभी सुविधा प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं।
पिछली बार स्वास्थ्य कर्मचारियों को वेंटिलेटर का संचालन नहीं करना आया तो निदेशक ने अस्पताल प्रशासन को जमकर फटकार लगाई। इसी लिए अबकी बार इन कमियों को दुरुस्त करने के लिए कर्मचारियों को अब ऑक्सीजन सिलेंडर और अन्य चिकित्सा उपकरणों के संचालन की ट्रेनिंग दी जा रही है।
वहीं इसी के चलते सीएमओ सुखवीर सैनी ने सभी उप स्वास्थ्य अधिकारियों की शनिवार की छुट्टी होने के बाद भी बैठक ली। वह बैठक के दौरान निदेशक के निर्देशों के अनुसार सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर बड़े अस्पतालों तक फ्लू क्लीनिक की स्थापना, उचित वेंटिलेशन, और कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने को कहा गया है।
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि इन्फ्लूएंजा जैसे लक्षणों और गंभीर तीव्र श्वसन संक्रमण वाले मरीजों की जांच और परीक्षण अलग से किए जाएं, ताकि सामान्य मरीजों के साथ उनकी संगति न हो। इसके अलावा सामाजिक दूरी, हाथ की स्वच्छता, और पीपीई किट, एन 95 मास्क, ट्रिपल लेयर मास्क जैसी रसद की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड के साथ आइसोलेशन वार्ड और जहां संभव हो वेंटिलेटर बेड के साथ आईसीयू की व्यवस्था करने के निर्देश हैं। कोविड-19 परीक्षण के लिए मशीनरी और उपकरणों की कार्यक्षमता, एंबुलेंस की उपलब्धता और ऑक्सीजन की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए पीएसए प्लांट और लिक्विड ऑक्सीजन कंटेनरों की जांच की जा रही है। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की टीमें घर पर आइसोलेट मरीजों की देखभाल करेंगी, जबकि कोविड-19 प्रोटोकॉल के अनुसार शवों का निपटान और निगरानी, विश्लेषण व रिपोर्टिंग पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
पिछले दौरे में कमियों के कारण अस्पताल प्रशासन को आलोचना का सामना करना पड़ा। इस बार प्रशासन सभी कर्मचारियों को प्रशिक्षण दे कर वाहवाही लुटने के प्रयास कर राह है। वेंटिलेटर और ऑक्सीजन उपकरणों का संचालन सुचारू करने के लिए कर्मचारियों को ट्रेनिंग तक दी जा रही है।
कुरुक्षेत्र। स्वास्थ्य कर्मचारियों को ऑक्सीजन मशीन चलाने की ट्रेनिंग देते एक्सपर्ट। संवाद