संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अक्तूबर माह से शुरू होने वाले खरीफ सीजन के लिए जिले के सभी खरीद केंद्रों और मंडियों के प्रबंधों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। जिले में सभी अधिकारी समय रहते तमाम आवश्यक प्रबंध पूरे करना सुनिश्चित करेंगे। इस मामले में जरा सी भी लापरवाही सहन नहीं की जाएगी।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने ये निर्देश दिए। वे खरीफ सीजन के लिए 1 अक्तूबर से शुरू होने वाले सीजन के प्रबंधों के लिउ वीरवार को अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन सभी खरीद केंद्रों पर ट्रैफिक व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करेंगे, सभी एसडीएम अपने-अपने उपमंडल के अधीनस्थ खरीद केंद्रों में अपनी देखरेख में खरीद संबंधी आवश्यक कार्रवाई करेंगे ताकि किसी प्रकार की परेशानी सामने न आए। इस सीजन में संबंधित खरीद एजेंसियां बारदाना, उठान कार्य, मंडियों की साफ सफाई, पीने का पानी, शौचालयों की सफाई, बिजली की व्यवस्था सहित अन्य जरूरी प्रबंध करना सुनिश्चित करेंगे।