कुरुक्षेत्र। कुवि का संगीत एवं नृत्य विभाग।
कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के विभिन्न प्रोग्राम में दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। संगीत एवं नृत्य विभाग की विभागाध्यक्ष प्रो. कृष्णा देवी ने बताया कि संगीत एवं नृत्य के क्षेत्र में रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। संगीत एवं नृत्य में रुचि रखने वाले छात्र-छात्राएं एमए संगीत (गायन-वादन) के लिए 36 सीटों पर 15 जून तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसी के साथ एमपीए (मास्टर आफ परफॉर्मिंग आर्ट्स) के लिए 40 सीटों पर आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
संगीत एवं नृत्य विभाग शास्त्रीय संगीत सीखने का अवसर प्रदान करता है। एमपीए कोर्स में 12वीं कक्षा के बाद इच्छुक विद्यार्थी दाखिला के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसमें गायन, सितार, तबला तथा कथक नृत्य सीखने का अवसर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि विभाग में ऑडियो रिकॉर्डिंग स्टूडियो को भी पाठ्यक्रम में शामिल किया गया है तथा इसके लिए विभाग में ही रिकॉर्डिंग स्टूडियो की व्यवस्था भी उपलब्ध है।
1975 में संगीत विभाग की स्थापना हुई थी। देश को संगीत के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिए हैं, जिन्होंने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को गौरवान्वित किया है। फिल्म इंडस्ट्री में भी पूर्व विद्यार्थी अपना महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। विभाग में वर्ष में संगीत एवं नृत्य संबंधित गतिविधियां आयोजित की जाती हैं, जिनमें विभाग के छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर प्रतिभागिता करते हैं और अपनी प्रतिभा को निखारते का कार्य करते हैं। विभाग के विद्यार्थी युवा उत्सवों के माध्यम से राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाए हुए हैं, जिसका लाभ उन्हें रोजगार के क्षेत्र में आवेदन करने के दौरान प्राप्त होता है।
कुरुक्षेत्र। कुवि का संगीत एवं नृत्य विभाग।