कुरुक्षेत्र। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने किसानों से रबी फसलों का मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर समय पर पंजीकरण कराने की अपील की है। योजना में आलू, फूलगोभी, गाजर, मटर और किन्नू सहित निर्धारित फसलें शामिल हैं। पंजीकरण के बाद किसानों को फसल क्षेत्र का भौतिक सत्यापन कराना होगा, इसके लिए निर्धारित प्रोफार्मा भरकर बागवानी विभाग के ब्लॉक या जिला कार्यालय में जमा करवाना अनिवार्य है। आवेदन प्रारूप hortiharyana.gov.in पर उपलब्ध है।
एससी वर्ग को स्वरोजगार के लिए मिलेगा ऋण
कुरुक्षेत्र। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम ने स्वरोजगार ऋण योजनाओं के लिए पोर्टल खोल दिया है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में तीन लाख रुपये तक वार्षिक पारिवारिक आय वाले अनुसूचित जाति के परिवार पात्र होंगे। किराना, मनियारी, कंप्यूटर शॉप, फल-सब्जी कारोबार, मोबाइल रिपेयर, फर्नीचर, ब्यूटी पार्लर और हेयर सैलून सहित निर्धारित कार्यों के लिए ऋण मिलेगा। इच्छुक व्यक्ति निगम की वेबसाइट hscfdc.org.in पर जानकारी ले सकते हैं।
बिजली शिकायतों का निवारण 30 को
कुरुक्षेत्र। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम के पंचकूला जोनल उपभोक्ता शिकायत निवारण मंच की कार्यवाही 30 नवंबर को होगी। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, कैथल और यमुनानगर के उपभोक्ताओं की एक लाख से तीन लाख रुपये तक के वित्तीय विवादों से जुड़ी शिकायतें सुनी जाएंगी। गलत बिल, बिजली दर, मीटर सिक्योरिटी, खराब मीटर और वोल्टेज संबंधी मामलों का निस्तारण होगा। बिजली चोरी और दुर्घटना संबंधी मामलों पर विचार नहीं किया जाएगा।
सैनिक स्कूल कुंजपुरा में प्रवेश के लिए आवेदन 2 दिसंबर तक
कुरुक्षेत्र। सैनिक स्कूल कुंजपुरा में सत्र 2027-28 के लिए छठी और नौवीं कक्षा में प्रवेश के ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। कार्यवाहक प्रधानाचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल शैलजा डोगरा ने बताया कि आवेदन की अंतिम तिथि 2 दिसंबर है। प्रवेश परीक्षा एनटीए आयोजित करेगा। छठी के लिए जन्मतिथि 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 और नौवीं के लिए 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 निर्धारित है। परीक्षा ओएमआर आधारित होगी।
ठोल में कृषि कार्यशाला 27 को
कुरुक्षेत्र। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से 27 नवंबर को गांव ठोल के राजकीय स्कूल के नजदीक स्टेडियम में जिला स्तरीय कृषि कार्यशाला होगी। आत्मा स्कीम (अनुसूचित जाति) के तहत आयोजित यह कार्यशाला सुबह 11 बजे शुरू होगी। उपनिदेशक डॉ. गिरीश नागपाल ने बताया कि किसानों को फसल अवशेषों के वैज्ञानिक एवं पर्यावरण अनुकूल प्रबंधन की जानकारी दी जाएगी। पराली जलाने के दुष्प्रभावों और विभागीय योजनाओं के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।