शाहाबाद। हादसे में दुर्घटनाग्रस्त टेंकर। विज्ञप्ति
कुरुक्षेत्र। शाहाबाद। नेशनल हाईवे 44 पर गांव त्योड़ा के पास शनिवार को उस समय बड़ा हादसा बच गया जब तीन वाहन भिड़ गए। सड़क किनारे खड़े एक टैंकर को तेज रफ्तार एक अन्य टैंकर ने टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद टैंकर बेकाबू हो गया, जिसके बाद अंबाला से कुरुक्षेत्र जा रहे एक परिवार की गाड़ी में भी टैंकर ने टक्कर मार दी। इस हादसे में कार सवार परिवार को मामूली चोट आई।
कार चला रही चंडीगढ़ हाईकोर्ट की अधिवक्ता भावना गरेवाल ने बताया कि वह अपने परिवार के चार सदस्यों के साथ पिंजौर से कुरुक्षेत्र अपने रिश्तेदार में जा रही थी। वे गांव त्योड़ा के पास पहुंचे तो उसकी कार के आगे चल रहे टैंकर ने सड़क किनारे खड़े एक टैंकर में टक्कर मार दी और उसके बाद बेकाबू टैंकर ने उनकी कार में भी टक्कर मार दी। इस हादसे में टक्कर मारने वाले टैंकर के परखच्चे उड़ गए, जबकि कार को भी काफी नुकसान हुआ। हादसे के बाद अंबाला-दिल्ली नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया। उधर सूचना मिलते ही शाहाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों टैंकरों को अपने कब्जे में लिया।