संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। जिला पुलिस ने पैसा दोगुना करने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपी की पहचान राहुल निवासी छपरी खन्ना खरड़ जिला मोहाली (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार गढ़ी सिंगा निवासी कुलदीप सिंह ने शिकायत दी थी कि फरवरी 2024 में उसके परिचित सन्नी ने उसे राहुल नामक युवक से मिलवाया। राहुल ने खुद को पैसे दोगुने करने वाला बताकर उससे छह लाख रुपये देने पर 12 लाख रुपये देने का झांसा दिया। विश्वास में लेने के लिए उसने कुछ नोट भी चलाकर दिखाए। शिकायतकर्ता ने पहले तीन लाख रुपये दे दिए और बाद में शेष तीन लाख रुपये लेकर पिहोवा पहुंचा, जहां राहुल और उसके साथी ने उससे पैसे छीन लिए और फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना सदर पिहोवा में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पहले एक आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है। अब पुलिस टीम ने दूसरे आरोपी राहुल को भी गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।