कुरुक्षेत्र। शाहाबाद-लाडवा रोड पर चीनी मिल के पास स्थित मोटर यार्ड में खड़ी एक स्क्रैप कार से हैंड ग्रेनेड बरामद होने के मामले में स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने एक और आरोपी को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पंजाब निवासी अरमान के रूप में हुई है। एसटीएफ की करनाल यूनिट ने उसे एक अवैध पिस्टल के साथ काबू किया है।
जानकारी के अनुसार, मामले की जांच कई एजेंसियां संयुक्त रूप से कर रही हैं और फरार आरोपी व दूसरे ग्रेनेड की तलाश लगातार जारी है। इससे पहले भी इस प्रकरण में तीन लोगों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया जा चुका है, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। यह मामला 11 मई को उस समय सामने आया था, जब एसटीएफ अंबाला और पंजाब काउंटर इंटेलिजेंस की संयुक्त टीम ने गांव तंगौर निवासी सूर्यप्रताप उर्फ नोनी राणा को हिरासत में लिया था। पूछताछ के दौरान मिले इनपुट के आधार पर शाहाबाद-लाडवा रोड स्थित एक मोटर यार्ड में खड़ी कबाड़ कार की तलाशी ली गई, जहां से एक हैंड ग्रेनेड बरामद हुआ था।
जांच के दौरान आरोपी ने खुलासा किया था कि उसके पास दो ग्रेनेड आए थे। इनमें से एक को उसने स्क्रैप कार में छिपा दिया था, जबकि दूसरा किसी अन्य व्यक्ति के पास होने की बात कही गई थी। इसके बाद से ही सुरक्षा एजेंसियां दूसरे ग्रेनेड की बरामदगी के लिए लगातार दबिश कर रही हैं। मामले में आगे कार्रवाई करते हुए एसटीएफ ने पहले पिहोवा निवासी बलजीत सिंह और गांव ठोल निवासी चंद्रपाल को भी गिरफ्तार किया था। हालांकि जांच एजेंसियों ने अभी तक सार्वजनिक रूप से यह स्पष्ट नहीं किया है कि दोनों की मामले में क्या भूमिका रही। अब अरमान की गिरफ्तारी के बाद जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि मामले से जुड़े अन्य लिंक और फरार व्यक्तियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी। फिलहाल एसटीएफ पूरे नेटवर्क और दूसरे ग्रेनेड की बरामदगी को लेकर गहन जांच में जुटी हुई है।