शाहाबाद। प्रभातफेरी के आयोजकों को सम्मानित करते गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य। विज्ञप्ति
शाहाबाद। जगतगुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार से निकाली जा रही प्रभातफेरियों की शृंखला में सोमवार को 20वीं प्रभातफेरी डेरा रामनगर पहुंची। स्वर्गीय बलजीत सिंह के निवास पर पहुंची प्रभातफेरी का परिवार के सदस्य गगनजोत सिंह, जसविंदर सिंह भिंडर, हरकीरत सिंह, हरप्रीत सिंह, कंवलजीत सिंह और कल्याण सिंह सहित संगत ने पुष्प वर्षा और आतिशबाजी कर स्वागत किया।
स्त्री सत्संग सभा की सदस्यों और शब्दी जत्थे ने कीर्तन कर संगत को निहाल किया। ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने संगत को गुरु इतिहास से जोड़ा और इसके बाद बानी गुरु श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के समक्ष सरबत के भले की अरदास की। मंच संचालन नरिंदर सिंह भिंडर ने किया। उन्होंने बताया कि गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार में 5 नवंबर को दिन और रात में धार्मिक दीवान सजाए जाएंगे जिनमें प्रसिद्ध कथावाचक ज्ञानी साहिब सिंह संगत को गुरु इतिहास से जोड़ेंगे, जबकि भाई हरकीरत सिंह पानीपत वाले, बीबी अश्मीत कौर, सहज कौर लुधियाना वाले और हजूरी रागी जत्था भाई इंदरजीत सिंह संगत को कीर्तन से निहाल करेंगे। सेवादार भगवंत सिंह ने बताया कि पांच नवंबर को शब्द चौकी सुबह सात बजे गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार से सजाई जाएगी और प्रकाश पर्व को समर्पित यह सभी कार्यक्रम गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी, नौजवान सेवक सभा और स्त्री सत्संग सभा सहित संगत के सहयोग से होंगे। गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के सेवादार मलकिंद्र सिंह ने बताया कि मंगलवार को प्रभातफेरियों का समापन होगा।
शाहाबाद। प्रभातफेरी के आयोजकों को सम्मानित करते गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य। विज्ञप्ति