संवाद न्यूज एजेंसी
लाडवा। लाडवा-बाबैन रोड पर शनि मंदिर के ठीक पीछे पशुओं की हड्डियां और खुर मिले हैं। गोपुत्र सेना और स्थानीय लोगों ने इन अवशेषों को गोवंश से जुड़ा बताया है और रोहिंग्या बस्ती पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
गोपुत्र सेना के जिलाध्यक्ष राहुल आहूजा ने बताया कि शाम को महंत नाग बाबा ने सूचना दी कि मंदिर के पीछे पशु अवशेष पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर चार जोड़ी खुर और कई हड्डियां बरामद हुईं।
उन्होंने कहा कि हाल ही में इसी तरह की घटनाएं हुई हैं, इसलिए गोवंश होने का पूरा शक है।राहुल आहूजा ने आरोप लगाया कि मंदिर के पीछे सरकारी जमीन पर करीब 15-20 विशेष समुदाय के परिवार झोपड़ियां बनाकर रह रहे हैं। वे कचरा यहीं फेंकते हैं और उनके कबाड़, कट्टों के नीचे से भी अवशेष मिले। गोरक्षकों का दावा है कि ये अवशेष इन्हीं लोगों ने फेंके हैं। सूचना मिलते ही लाडवा थाना प्रभारी गुरनाम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सभी अवशेष कब्जे में लेकर फॉरेंसिक जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।