कुरुक्षेत्र। पिछले वर्ष तैयार किए गए मास्टर प्लान 2041 पर स्टेट कमेटी में सवाल खड़े हो गए हैं। इसके कारण अब इसे शोधन करते हुए दोबारा तैयार किया जाएगा। इसमें धर्मनगरी को शैक्षिक केंद्र (ज्ञानभूमि) की झलक दिखाई देगी, वहीं बाढ़ संभावित एरिया में तय किए गए सेक्टरों में भी बदलाव होगा। प्रशासन ने इस दृष्टि से कार्ययोजना पर विचार भी शुरू कर दिया है।
2041 के लिए वर्तमान मसौदा विकास योजना पिछले वर्ष तत्कालीन उपायुक्त नेहा सिंह के कार्यकाल में तैयार की गई थी। इसे जुलाई माह में जिला कमेटी ने मुहर लगाते हुए मंजूरी के लिए स्टेट कमेटी के पास भेजा गया था। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हाल ही में हुई स्टेट कमेटी की बैठक में कई अन्य नगरों के साथ धर्मनगरी की योजना पर भी सवाल उठे हैं।
इसके साथ ही तय किया गया कि इसमें कुछ नए प्रावधान करते हुए संशोधन के साथ तैयार किया जाए। फिलहाल जो मास्टर प्लान 2041 के दृष्टिगत तैयार किया गया, वह उस समय 9,99,450 जनसंख्या के अनुमान के अनुसार ही तैयार किया गया था।
विकास योजना में सेक्टर संख्या 46, 45, 24, 25, 26 और 26ए बसाने की योजना में भी बदलाव की संभावना बन गई है। चर्चा सामने आई है कि संबंधित क्षेत्र बाढ़ संवेदनशील एरिया में हैं। सिंचाई विभाग से भी तर्क मांगा गया है। नए बाईपास की योजना को भी संशोधित मास्टर प्लान में शामिल करने के लिए निर्देश दिया है। संवाद