शाहाबाद। ऐतिहासिक गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब एवं मुख्य स्वर्ग आश्रम के बाहर लंबे समय से चले आ रहे अवैध कब्जे, गंदगी और मृत पशुओं के अवशेषों के मामले में मंगलवार को सिख संगत एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने एसडीएम शंभू राठी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।
प्रतिनिधिमंडल की अगुवाई पार्षद जगतार सिंह, राजेश उप्पल और सिख नेता मंजीत सिंह ने की। इस दौरान सिख संगत के साथ स्वर्ग आश्रम हितकारी सभा, श्री सनातन धर्म महावीर मंदिर सभा, श्री कृष्ण मंदिर सनातन धर्म सभा, नई सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन, गुरुद्वारा श्री गुरु नानक दरबार प्रबंधक कमेटी, श्री आदर्श सेवा समिति, श्री गुरु तेग बहादुर साहिब चौक सभा, श्री गुरु तेग बहादुर साहिब सेवक सभा, भारतीय किसान यूनियन चढ़ूनी, मार्केट कमेटी तथा सिख समाज सेवक सभा सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने रोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब एवं मुख्य स्वर्ग आश्रम के बाहर स्टेट हाईवे किनारे और शहर को गुरुद्वारा श्री मंजी साहिब, मुख्य स्वर्ग आश्रम, कुटिया गुरुदेव निवास को जोड़ने वाली डेहा काॅलोनी सड़क पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर हड्डियां, कबाड़ तथा मृत पशुओं के अवशेष खुले में डाले जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं, महिलाओं और बुजुर्गों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगत ने प्रशासन से मांग की कि सभी अवैध कब्जों को तुरंत हटाया जाए, क्षेत्र की सफाई करवाई जाए तथा भविष्य में धार्मिक स्थलों के आसपास इस प्रकार की गतिविधियों पर स्थायी रोक सुनिश्चित की जाए। एसडीएम ने उपस्थित जनों को आश्वासन दिया कि प्रशासन आज से ही कार्रवाई को और तेज करेगा तथा 30 मई से पहले अवैध अतिक्रमण को हटाया जाएगा।
इस मौके पर त्रिलोचन सिंह हांडा, जुगल कालड़ा, धर्मवीर हंस, दया नंद वधवा, राम किशन हसीजा, राजिंदर शर्मा, रघुनाथ छाबड़ा, राकेश बैंस, जसबीर सिंह मामूमाजरा, राजू आहूजा, सोहन सिंह, मलकीत सिंह, हरभजन सिंह सेठी, भगवंत सिंह, नरिंदर सिंह बिंद्रा, जगजीत सिंह मक्कड़, नरिंदर सिंह भिंडर, सुखवंत सिंह कलसानी आदि माैज्ूद रहे।