लिंगानुपात में असमानता का होना यहां की जनता का निर्णय नहीं, बल्कि यह पड़ोसी देशों का एक वायरस है जो हिंदुस्तान को भी तंग कर रहा है। अब यहां के लोग बेटी को गर्भ में नहीं मारेंगे बल्कि बेटी को पैदा करके उन्हें शिक्षित करेंगे। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रयासों से लिंगानुपात में काफी बढ़ोतरी हुई है। प्रदेश में अब लिंगानुपात 834 से बढ़कर 905 तक पहुंच गया है। ये विचार प्रदेश के शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने व्यक्त किए।
वे वीरवार को कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय सुरक्षा जागरण मंच (फैन्स) की ओर से नशा, भ्रूण हत्या, बेरोजगारी विषय पर आयोजित संगोष्ठी में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान केन्द्र व राज्य की सरकार राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर है। देश की सेना सरहद पर मुस्तैदी से काम कर रही है। देश को किसी भी प्रकार का बाहरी खतरा नहीं है, लेकिन हमें अपने देश के भीतर सामाजिक बुराइयों का डटकर मुकाबला करना चाहिए।
स्वामी महामंडलेश्वर यतिंद्रा नंद गिरी ने कहा कि जीवन में आंतरिक शुद्धता धर्म से जुड़कर ही संभव हो सकती है। धर्म में कोई राजनीति नहीं होती, राजनीति में धर्म हो सकता है। उन्होंने कहा कि भारत दर्शन में कही भी जातिसूचक शब्द का उल्लेख नहीं है। लोगों को जाति-धर्म से ऊपर उठकर काम करना चाहिए।
उचाना हलके की विधायक प्रेमलता ने कहा कि चोरी से लेकर स्मगलिंग जैसे मामलों में पुलिस की भूमिका सही नहीं होती। अक्सर नीचे पदों पर पुलिस में कार्यरत कर्मियों की ऐसे लोगों के साथ मिलीभगत होती है। इस पर नियंत्रण किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा जाट आंदोलन के दौरान पुलिस की भूमिका बहुत अच्छी नहीं रही और ऐसे हालात में लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास कम हुआ है। उन्होंने खुलासा किया कि आज युवा रोजगार के लिए योग्यता हासिल करने की बजाय डीसी रेट पर भी सरकारी विभागों में लगने के लिए तत्पर है, जिससे बेरोजगारी व युवाओं की बन रही सोच का अंदाजा लगाया जा सकता है।
संगोष्ठी को मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुमन मंजरी सहित कई अन्य लोगों ने भी संबोधित किया। संगोष्ठी के संयोजक रीता गोयल, एयर मार्शल डॉ. आरपी वाजपेयी, फैन्स के कार्यकारी अध्यक्ष राजपाल सिंह ने भी नशा, कन्या भ्रूण हत्या व बेरोजगारी विषयों पर विचार प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष धर्मवीर मिर्जापुर, जिला परिषद चेयरमैन गुरदयाल सनहेड़ी, जिला उपायुक्त राजनारायण कौशिक, आईजी करनाल रेंज सुभाष यादव, पुलिस अधीक्षक समरदीप सिंह, स्वामी चिरनजीवी जी महाराज, फैन्स की राष्ट्रीय संयोजक रेशमा सिंह व दीनबंधू छोटू राम, विज्ञान प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मुरथल के रजिस्ट्रार केपी सिंह, पुलिस अधिकारी डॉ. सुमन मजरी, पूर्व मंत्री एमएल रंगा, पूर्व रजिस्ट्रार हवा सिंह आदि मौजूद रहे।
कैथल के मुंदड़ी में स्थापित होगा संस्कृत विश्वविद्यालय
शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने कहा कि कैथल के गांव मुंदड़ी में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर संस्कृति विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा तो माता मनसा देवी मंदिर परिसर पंचकूला में संस्कृत कॉलेज खोला जाएगा। उन्होंने यह जानकारी फैन्स कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में दी। उन्होंने कहा कि यह सौगात प्रदेश के स्वर्ण जयंती समारोह मनाए जाने के अवसर पर 1 नवंबर को दी जाएगी।
जाट आंदोलन में हुई हिंसा का 75 फीसदी कारण सोशल मीडिया : डीजीपी
प्रदेश में नशा किस कदर पैर पसार चुका है, इसका अंदाजा इसी से ही लगाया जा सकता है कि वर्तमान में स्कूल स्तर के 20 फीसदी तो कॉलेज व यूनिवर्सिटी स्तर के 50 फीसदी छात्र इसकी गिरफ्त में आ चुके हैं। यह खुलासा प्रदेश के पुलिस महानिदेशक केपी सिंह ने किया। उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों से मिली फीडबैक के आधार पर यह जानकारी दी। कार्यक्रम में बतौर विशिष्ट अतिथि डीजीपी ने कहा कि कानून के साथ-साथ जागरूकता की भी जरूरत है। उन्होंने सोशल मीडिया का दुरुपयोग हो रहा है। जाट आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में सोशल मीडिया की 75 फीसदी देन रही है। इसके दुरुपयोग पर रोक लगानी चाहिए। गलत संदेश देने वाले लोगों की सूचना आम लोगों को भी पुलिस को देनी चाहिए।
डीजीपी के फोन पर दें नशा बेचने वालों की सूचना
पुलिस महानिदेशक ने कहा कि प्रदेश का कोई भी व्यक्ति बेझिझक उनके मोबाइल नंबर 094160-04464 पर नशे का कारोबार और बेचने वालों से संबंधित सूचना और सोशल मीडिया के दुरुपयोग की सूचना का संदेश भेज सकता है। इस संदेश पर संबंधित क्षेत्र के एसपी, डीएसपी और एसएचओ को आदेश देकर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।