पिहोवा। श्याम तेरी बंसी पागल कर जाती है के भक्ति रस से भरे गीतों की शानदार प्रस्तुतियों के साथ अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या का आगाज हुआ। महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या के पहले प्रसिद्ध लोक कलाकार प्रकाश मलिक ने भक्ति रस और हरियाणवी लोक गीतों के साथ-साथ देशभक्ति से ओत प्रोत गीतों की प्रस्तुतियां दीं ।
अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव में बुधवार को देर सायं सरस्वती तीर्थ पर मुख्य सांस्कृतिक कार्यक्रम के मंच पर हरियाणा सरस्वती धरोहर विकास बोर्ड की तरफ से सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ भाजपा के जिला अध्यक्ष सुशील राणा ने किया। सांस्कृतिक संध्या के कलाकार प्रकाश मलिक और उसके साथियों को मुख्य अतिथि सुशील राणा ने सम्मानित किया। इसके बाद एसडीएम अमन कुमार ने मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष सुशील राणा को स्मृति चिन्ह भेंट किया।
लोक कलाकार प्रकाश मलिक और उसके साथियों ने वेदों की देवी मां सरस्वती के भजन से सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ किया । प्रकाश मलिक ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़े भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इन भक्ति गीतों के साथ-साथ प्रकाश मलिक ने हरियाणा की लोक संस्कृति और प्राचीन विरासत के अहम क्षणों को लोक गीतों की शब्दों में पिरोकर प्रस्तुत किया। इतना ही नहीं उन्होंने देश भक्ति के गीत प्रस्तुत करके सांस्कृतिक संध्या को भक्तिमय बनाने का काम किया।
इस मौके पर नगरपालिका प्रधान आशीष चक्रपाणि, एसडीएम अमन कुमार, डीएसपी निर्मल सिंह, तहसीलदार विनती, उप-प्रधान साधु राम सैनी, गुरनाम मलिक, सतीश सिंगला, सरस्वती हेरिटेज बोर्ड के सदस्य रामधारी शर्मा, युधिष्ठिर बहल, अजय धींगरा, एसके मुरार, नवतेज सिंह सैनी सरस्वती हेरिटेज बोर्ड, हरविंदर सिंह, डाॅ. सतीश सैनी, मंडल अध्यक्ष प्रिंस मंगला, सुखबीर ईशाक, मोहित शर्मा एडवोकेट आदि मौजूद रहे।
सूफी गायक कंवर ग्रेवाल आज देंगे सूफी गायन की प्रस्तुतियां
एसडीएम अमन कुमार ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय सरस्वती महोत्सव में 30 जनवरी को सायं 6 बजे मुख्य मंच पर विश्व प्रसिद्ध सूफी गायक कंवर ग्रेवाल सूफी गायन की प्रस्तुति देंगे और सुबह 11 बजे आर्य कॉलेज पानीपत की तरफ से हरियाणवी नृत्य और कविताओं की प्रस्तुति होगी। सांय 3 बजे साध्वी प्रवीणा भारती द्वारा कथा प्रवचन और सायं 5 बजे विकास व कलाकारों द्वारा भजन संध्या और 6 बजे आरती का कार्यक्रम होगा।