कुरुक्षेत्र। कार्यक्रम में कविता की प्रस्तुति देती कवियत्री। स्वयं
कुरुक्षेत्र। फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया की ओर सांसद नवीन जिंदल के मार्गदर्शन में संचालित राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान के अंतर्गत देशभक्ति काव्य-संध्या एक शाम तिरंगे के नाम का आयोजन सीनियर सिटीजन वेलफेयर सोसाइटी के हॉल में हुआ।
कार्यक्रम में जिला परिषद कुरुक्षेत्र की अध्यक्षा कंवलजीत कौर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक और साहित्यिक आयोजन समाज में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करते हैं और युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान को समय की आवश्यकता बताते हुए इसकी सराहना की। सांसद नवीन जिंदल के ऐतिहासिक प्रयास के कारण आज हर नागरिक को सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का अधिकार मिला है।
कार्यक्रम में साहित्य, संस्कृति और राष्ट्रभावना का प्रभावशाली संगम देखने को मिला। अदबी संगम एवं सार्थक साहित्य मंच से कवियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत कविताओं, गज़लों और मुक्तकों का पाठ किया। वीर रस, राष्ट्र गौरव और तिरंगे की गरिमा से भरी रचनाओं ने श्रोताओं में उत्साह और गर्व की भावना भर दी, जिसे उपस्थित जनसमूह ने तालियों के साथ सराहा।
फ्लैग फाउंडेशन ऑफ इंडिया के प्रवक्ता डॉ. राज कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज जागरूकता अभियान-2026 के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान 23 जनवरी को तिरंगा अधिकार दिवस के रूप में मनाने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लिया। कवियों ने तिरंगे को देश की एकता, अखंडता और संवैधानिक मूल्यों का प्रतीक बताते हुए नागरिक कर्तव्यों का भावपूर्ण संदेश दिया।