कुरुक्षेत्र। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के वर्ष 1972 बैच के पूर्व छात्र एवं अमेरिका निवासी हेमंत गुप्ता, नलिनी गुप्ता ने केयू को पांच लाख अमेरिकी डॉलर का अनुदान दिया है। पूर्व छात्र हेमंत और नलिनी ने कुलपति प्रो. सोमनाथ सचदेवा का आभार जताते हुए कहा कि उनका मन, आत्मा एवं भावनाएं सदैव केयू के साथ जुड़ी रही।
केयू परिसर में कैफेटेरिया एवं रोज गार्डन के आधुनिक विकास के लिए पूर्व छात्र हेमंत गुप्ता और नलिनी गुप्ता ने पांच लाख अमेरिकी डॉलर देने का संकल्प लिया था, जिसमें से दो लाख अमेरिकी डॉलर (लगभग 2 करोड़ रुपये) की राशि विश्वविद्यालय को प्राप्त हो चुकी है, जबकि शेष राशि परियोजना की प्रगति के अनुसार उपलब्ध होगी। हेमंत और नलिनी ने कहा कि पिछले तीन दशकों से अमेरिका में रहने के बावजूद उनका मन और आत्मा हमेशा अपनी मातृसंस्था से जुड़े रहे। आशा जताई कि आधुनिक कैफेटेरिया और विकसित रोज गार्डन विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आगंतुकों के लिए प्रेरणा, संवाद और रचनात्मक गतिविधियों का केंद्र बनेंगे।