संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पवित्र ब्रह्मसरोवर तट पर 15 नवंबर से अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। 21 दिन तक जहां धर्मनगरी पूरी तरह से गीतामयी होगी, वहीं ऑस्ट्रेलिया में भी कई दिनों तक गीता के श्लोक गूंजेंगे।
एसोसिएशन ऑफ हरियाणवी इन ऑस्ट्रेलिया की ओर से खास आयोजन किए जा रहे हैं जिनके तहत गीता क्विज कराई जाएगी। इसके लिए 3 नवंबर से पंजीकरण किए जा रहे हैं, जो 23 नवंबर तक जारी रहेंगे। 26 नवंबर तक इसका आयोजन जारी रखा जाएगा और वहीं 13 से 21 व 22 से 100 साल तक के लोगों के लिए गीता श्लोकोच्चारण व पाठ का आयोजन होगा। 16 नवंबर को निबंध लेखन, 23 को पेंटिंग व चित्रकारी प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी जिनमें पांच से सात व 11 से 20 साल तक के बच्चों को शामिल किया जाएगा।
एसोसिएशन से जुड़े एवं 48 कोस तीर्थ निगरानी समिति के चेयरमैन रहे मदन मोहन छाबड़ा का कहना है कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम आने पर 250 आस्ट्रेलियन डॉलर, दूसरे स्थान पर 150 व तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 100 डॉलर दिए जाएंगे। पिछले दिनों ही गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद के सानिध्य में भी ऑस्ट्रेलिया में गीता महोत्सव मनाया गया था जबकि इससे पहले प्रदेश सरकार की ओर से भी वहां गीता महोत्सव मनाया जा चुका है। इसी सिलसिले में अब कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव के दौरान यह आयोजन किए जा रहे हैं।