कुरुक्षेत्र। मिट्टी कि खुदाई करती जेसीबी।
कुरुक्षेत्र। गांव बारना में देर रात्रि जोहड़ की खुदाई में धांधली के आरोप लगे हैं। इस दौरान ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। ग्रामीणों ने मिट्टी के डंफरों को मिट्टी ले जाने से रोक दिया और चेतावनी दी की जोहड़ से मिट्टी न उठाई जाए। गांव में एक पट्टी के जोहड़ों की खुदाई का कार्य ग्राम पंचायत की ओर से करवाया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि यह मिट्टी को महंगे भाव में नीजि संस्थाओं को बेचा जा रहा है।
नारायण दत्त शर्मा ने कहा कि अब तक लगभग 800 डंफर एक निजी कॉलेज में बेचे गए हैं व अन्य जगहों पर भी मिट्टी बेची जा रही है। मौजूदा समय में प्रति डंफर मिट्टी का आम रेट आठ से नौ हजार है। प्रशासन से मांग भी की है कि मामले की गहनता से जांच की जाए।
ग्रामीण सत्यवान ने कहा कि मंगलवार देर रात्रि लगभग 10 बजे उन्होंने मिट्टी लेकर जा रहे डंफरों को रोका व डंफरों में भरी मिट्टी को गांव के शमशान घाट में डलवाया। ग्रामीण प्रदीप सहारण, सुभाष चंद, बलजीत सिंह, सन्नी, सोनू ने कहा कि गांव की सार्वजनिक जगहों पर मिट्टी डलवाई जानी चाहिए लेकिन सरपंच द्वारा मिट्टी को बेचा जा रहा है।
प्राइवेट जगह पर नहीं डाल सकते जोहड़ की मिट्टी : बीडीपीओ
बीडीपीओ अमित कुमार ने कहा कि उनके संज्ञान में इस प्रकार का मामला नहीं आया है। जोहड़ की गाद को पावरहाउस में डालने के लिए तो अनुमति पंचायत की ओर से ली गई है लेकिन निजी संस्थान में मिट्टी नहीं डाली जा सकती।
सरपंच बोली- बेबुनियाद लगाए जा रहे आरोप
गांव की सरपंच रेनू देवी ने कहा कि कुछ ग्रामीण बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। विभागीय अनुमति के बाद ही जोहड़ खुदाई की जा रही है और गाद व मिट्टी गांव के ही शमशान घाट, पॉवर हाउस, गोगा मेड़ी व अन्य सार्वजनिक जगहों पर ही डलवाई गई है।