इस्माईलाबाद। धोखे से चेक लगाकर खाते से दो लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। गुरनाम सिंह निवासी कैंथला ने थाना में दी शिकायत में बताया कि करीब तीन महीने पहले उसने अभिलाष निवासी कैंथला से रविदास मंदिर कैंथला में बीर सिंह के सामने 20 हजार रुपये उधार लिए थे। उसकी एवज में उसने एचडीएफसी बैंक का एक खाली चेक अभिलाष को दिया था। उसने कहा कि रुपये वापस देकर अपना चेक वापस ले लेगा। जब वह चेक में रुपये भरने लगा तो अभिलाषा ने कहा कि क्यों चेक खराब कर रहे हो गांव की बात है रुपये वापस देकर चेक ले लेना। उसने उसकी बातों में आकर हस्ताक्षर किया हुआ चेक अभिलाष को दे दिया। पांच दिन बाद अभिलाष उसके पास से तीन हजार रुपये वापस ले गया। बाकी 17 हजार रुपये धान सीजन के बाद वापस देने की बात तय हुई।
11 नवंबर को जब उसने अपना खाता चेक करवाया तो पता चला कि उसके खाते से दो लाख रुपये आठ नवंबर को चेक के माध्यम से निकाले जा चुके हैं। जब उसने इस बारे में अभिलाष से पूछा तो वह कहने लगा कि वह कहीं बाहर है आकर बात करेगा। उसके बाद वह उसके घर के कई चक्कर लगा चुका है, लेकिन अभिलाष उसके रुपये वापस नहीं कर रहा है। यह रुपया उसकी धान की फसल का था, जिसके चलते उसका सारा लेनदेन प्रभावित हो गया है। इस बीच पंचायत में भी अभिलाष ने माना है कि उसे 17 हजार रुपये ही लेने थे और उसने खाते से दो लाख रुपये निकाले हैं। उसने माना कि वह 15 दिसंबर तक एक लाख 83 हजार रुपये वापस कर देगा लेकिन इसके बाद भी आरोपी ने आज तक उसके रुपये वापस नहीं किए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।