पिहोवा। क्षेत्र में आमजन की समस्याओं का हल करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों पर प्रत्येक सोमवार व वीरवार को समाधान शिविरों का आयोजन एसडीएम कार्यालय में प्रात: 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक किया जाता है। इन समाधान शिविरों में आमजन अपनी समस्याओं का निवारण मौके पर मौजूद अधिकारियों से करवा सकते हैं।
हाल ही में पदभार ग्रहण कर चुके एसडीएम अनिल कुमार दून ने कहा कि उपमंडल के सभी अधिकारियों को जन समस्याओं का निवारण करने के लिए समाधान शिविरों में उपस्थित रहना अनिवार्य है। कोई भी नागरिक अपनी समस्याओं को लेकर किसी भी समय उनके कार्यालय में आकर मिल सकता है। समाधान शिविर समस्याओं को सीधे अधिकारियों तक पहुंचाने का मंच हैं। ऐसे शिविरों के आयोजन से न केवल प्रशासन और जनता के बीच संवाद मजबूत हो रहा है बल्कि शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया भी सरल और त्वरित हो रही है।