कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की पब्लिक अकाउंट कमेटी (पीएसी) की बैठक बृहस्पतिवार को सदस्यों के पूरे न आने के कारण स्थगित हो गई। पीएसी की बैठक में शामिल होने के लिए 9 सदस्यों को यहां पहुंचना था, जिसमें से चेयरमैन समेत केवल पांच विधायक ही बैठक में शामिल हुए। सभी सदस्यों के न पहुंचने के कारण चेयरमैन ने बैठक स्थगित कर दी। बैठक में शामिल होने के लिए भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला भी पहुंचे थे।
किसी भी सरकारी संस्थान के ऑडिट होने के बाद इसकी जांच विधानसभा में गठित पब्लिक अकाउंट कमेटी करती है। यह कमेटी किसी भी पांच वर्ष के ऑडिट किए सरकारी कार्यालयों की जांच कर सकती है। इसी के तहत उच्चतर शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत आने वाली प्रदेश की कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की भी स्पॉट विजिट के लिए पीएसी कमेटी का बृहस्पतिवार को कार्यक्रम तय था।
लेकिन, तय कार्यक्रम के बाद भी पीएसी कमेटी में शामिल विपक्षी पार्टियों के विधायक अभय चौटाला, कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी, कांग्रेस विधायक शकुंतला खटक और इनेलो विधायक रणबीर सिंह गंगवा और भाजपा के ही एक विधायक डॉ. उमेश अग्रवाल नहीं पहुंचे। जिसकी वजह से बैठक को स्थगित कर दिया गया।
ये सदस्य शामिल हैं पीएसी में
पब्लिक अकाउंट कमेटी के चेयरमैन पंचकूला के विधायक ज्ञानचंद गुप्ता हैं। जबकि सदस्यों में विधायक अभय चौटाला, विधायक किरण चौधरी, रणबीर सिंह गंगवा, विधायक शकुंतला खटक, विधायक डॉ. पवन सैनी, विधायक डॉ. उमेश अग्रवाल, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला, विधायक हरविंदर कल्याण शामिल हैं।
यूनिवर्सिटी की स्पॉट विजिट करनी थी कमेटी को
पीएसी कमेटी के सदस्यों को बृहस्पतिवार को यूनिवर्सिटी की स्पॉट विजिट करनी थी। इस विजिट के तहत कमेटी सदस्यों ने यूनिवर्सिटी के हॉस्टलों, पुस्तकालय, विभिन्न विभागों, रिजल्ट ब्रांच समेत अन्य सभी स्थानों की जांच करनी थी। इसके बाद यह कमेटी अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करती है। बताया जा रहा है कि हाल ही में 22 सितंबर को विधानसभा में पीएसी की बैठक हुई थी, जिसमें 24 को पीएसी की स्पॉट विजिट का फाइनल किया गया था।
2006-11 के ऑडिट की होनी है जांच
यूनिवर्सिटी सूत्रों के अनुसार उच्चतर शिक्षा निदेशालय के अंतर्गत आने वाली केयू के वर्ष 2006-11 के बजट का आॉडिट दो वर्ष पहले किया गया था। इस बार कमेटी ने यूनिवर्सिटी के इसी ऑडिट की समीक्षा करनी है। यह कमेटी अपने कुछ बिंदुओं पर चर्चा करती है और उसकी रिपोर्ट सरकार को प्रस्तुत करती है।
वर्जन ...
पीएसी का बृहस्पतिवार को स्पॉट विजिट होना था। लेकिन, सदस्यों के पूूरा न आने के कारण इसे स्थगित कर दिया गया है। अब 29 को विधानसभा में बैठक होनी है, उसके बाद स्पॉट विजिट के लिए अगली तारीख निर्धारित की गई है।
डॉ. प्रवीण सैनी, रजिस्ट्रार, केयू, कुरुक्षेत्र।