संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। अखिल भारतीय सारस्वत ब्राह्मण सभा की बैठक सारस्वत धर्मशाला में हुई। इसमें सभा के चुनाव पर विचार-विमर्श किया गया, क्योंकि सभा के प्रधान नरेंद्र शर्मा का कार्यकाल पूरा हो चुका है। इस बैठक में नए प्रधान के चुनाव के लिए रूपरेखा तैयार की गई। प्रधान के चुनाव कराने का फैसला लिया गया। चुनाव के लिए सात जुलाई का दिन तय किया गया, जिसमें सभा के 508 सदस्य मतदान करेंगे। चुनाव के लिए एडवोकेट जितेंद्र शर्मा आरओ और मार्तंड प्रकाश (माखन शर्मा) एआरओ को नियुक्त किया गया।
एआरओ मार्तंड प्रकाश ने बताया कि अगले महीने नौ जून से 15 जून तक उम्मीदवार अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। 16 जून को नामांकन की छंटनी और पड़ताल की जाएगी। 18 जून शाम पांच बजे तक नामांकन वापस लिया जा सकेगा। मतदान और मतगणना के लिए सात मई का दिन रखा गया है। इन दिन सुबह नौ से शाम पांच बजे तक मतदान होगा, जिसमें सभा के 508 सदस्य भाग लेंगे। उसी दिन शाम को मतगणना होगी। बैठक में अशोक शर्मा, चिरंजीलाल, उपदेश शर्मा, विपिन शर्मा, वीरेंद्र शर्मा, हरि शर्मा, हनुमान शर्मा, डॉ. सुभाष शर्मा, हवा सिंह शर्मा, नरेश शर्मा, सुरेंद्र द्विवेदी, सुशील शर्मा, दीपक शर्मा सहित अन्य मौजूद रहे।