फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ओमिक्रॉन से सतर्क : 477 लोग विदेश से कुरुक्षेत्र पहुंचे

विज्ञापन
विज्ञापन
कोरोना के नए वेरिएंट की दस्तक के बाद 477 लोग विदेश से वापस कुरुक्षेत्र लौटे हैं। इनमें से 252 व्यक्ति ऐसे हैं जो साउथ अफ्रीका, हॉंगकॉंग, ब्राजील, बंगलादेश, चाइना, न्यूजीलैंड, फ्रांस, जर्मनी, नेपाल, अमेरिका और यूके सहित सबसे ज्यादा प्रभावित 11 देशों से वापस लौटे हैं। दिल्ली एयरपोर्ट पर जांच करने पर कुरुक्षेत्र के दो व्यक्ति कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, जिन्हें एलएनजेपी अस्पताल दिल्ली में दाखिल किया गया है। इतना ही नहीं, जिन लोगों की एयरपोर्ट पर कोरोना की रिपोर्ट निगेटिव आई है, उनके घरों में दस्तक देकर स्वास्थ्य विभाग ने दोबारा सैंपल लेकर जांच के लिए करनाल कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भेजे गए हैं। साथ ही इन लोगों को 14 दिन के लिए क्वारंटाइन किया गया है। हालांकि अभी तक जिले में नए वेरिएंट से संक्रमित कोई मरीज सामने नहीं आया है। बता दें कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन से लड़ने के लिए स्वास्थ्य विभाग योजना बनाने में जुट गया है, लेकिन विदेश से वापस कुरुक्षेत्र पहुंच रहे लोगों ने स्वास्थ्य विभाग की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
विज्ञापन

उधर, कोरोना वायरस की संभावित तीसरी लहर को जहन में रखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने पत्र जारी कर जिलेभर के करीब 15 निजी अस्पतालों से वेंटिलेटर, ऑक्सीजन सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का ब्योरा मांगा है। इतना ही नहीं, निजी अस्पतालों में भी ऑक्सीजन प्लांट लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि जिला अस्पताल में बेड फुल होने पर कोरोना संक्रमितों को निजी अस्पतालों में उपचार दिया जा सके। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार जिला अस्पताल सहित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों सहित निजी अस्पतालों में 350 से अधिक बेड की व्यवस्था है। जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में वेंटिलेटर की सुविधा से लैस 15 बेड सहित 50 बेड की व्यवस्था की गई है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा सरकारी अस्पतालों में 500 से अधिक ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था की गई है। संवाद
बाक्स
जिला अस्पताल और शाहाबाद सीएचसी में ऑक्सीजन प्लांट तैयार, पिहोवा में अभी अधूरा
एलएनजेपी अस्पताल में एक हजार लीटर प्रति मिनट (एलपीएम) और शाहाबाद सीएचसी में 500 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाला ऑक्सीजन प्लांट तैयार हो चुका है। वहीं पिहोवा सीएचसी में स्थापित किया जा रहा 500 लीटर प्रति मिनट की क्षमता वाला ऑक्सीजन प्लांट अभी अधूरा है। पिहोवा एसडीएम सोनू राम, डॉ. गुरप्रीत सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारियों ने वीरवार को पिहोवा ऑक्सीजन प्लांट का निरीक्षण किया था, लेकिन यहां खामियां मिलने पर एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन

बाक्स
जिला अस्पताल में जल्द शुरू होगी आरटी पीसीआर लैब, लेकिन स्टाफ की किल्लत
जिला अस्पताल में आरटी पीसीआर लैब जल्द शुरू होगी। कोविड सैंपल की जांच यहीं की जाएगी, लेकिन बिना स्टाफ लैब चलाना स्वास्थ्य विभाग के लिए सिर दर्द बना हुआ है। लैब चलाने के लिए एक माइक्रोबाइलॉजिस्ट, 12 लैब टेक्नीशियन, तीन असिस्टेंट रिसर्च सहित अन्य स्टाफ की जरूरत है। फिलहाल अनुबंध आधार पर लगे 10 लैब टेक्नीशियन सैंपलिंग कर रहे हैं। इनमें से पांच को प्रशिक्षण दिया गया है। अगर इन लैब टेक्नीशियन को आरटी पीसीआर लैब में लगाया जाता है तो सैंपलिंग पूरी तरह से प्रभावित होगी।
बाक्स
कोरोना के नए वेरिएंट से लड़ने के लिए बना रहे बेहतर योजना: डॉ. शैलेंद्र खांबरा
---------------------------------------------------------------------------------
उप सिविल सर्जन डॉ. शैलेंद्र खांबरा का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर सतर्क हैै। विदेश से वापस लौट रहे लोगों की सैंपलिंग करने के साथ-साथ उन्हें क्वारंटाइन किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने जिलेभर के निजी अस्पतालों से ऑक्सीजन सुविधा से लैस बेड सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का ब्यौरा मांगा है। इतना ही नहीं, आरटी पीसीआर लैब को सुचारु रूप से चलाने के लिए स्टाफ की व्यवस्था की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें