कुरुक्षेत्र। पिपली-लाडवा रोड से लगते ग्रामीण क्षेत्र में जगमग अनार पटाखा। संवाद
कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी में दिवाली पर हुई जमकर आतिशबाजी का असर हवा की गुणवत्ता पर साफ दिखाई दिया। शहर की हवा लगातार तीन दिन तक बेहद खराब श्रेणी में बनी रही और प्रदूषण का स्तर बढ़ने से एक्यूआई 375 तक पहुंच गया।
यही कारण रहा कि धुएं के गुबार में लोगों की सांसें घुट रहीं इसके बावजूद लोगों ने पटाखे फोड़ने से परहेज नहीं किया। दिवाली के अगले दिन भी देर रात तक आतिशबाजी जारी रही। आधी रात तक आसमान पटाखों की आवाज से गूंजता रहा। मंगलवार को भी कई इलाकों में पटाखे बजाए गए।
आतिशबाजी के कारण वातावरण में धुएं का गुबार छाया रहा। इसके अलावा कचरे और खेतों में फसल अवशेष जलाने को भी प्रदूषण बढ़ने का कारण माना गया। प्रशासन की ओर से दिवाली पर कम पटाखे जलाने और पर्यावरण संरक्षण की अपील की गई थी लेकिन इसका खास असर नहीं दिखा। लोगों ने जमकर आतिशबाजी की, जिससे हवा लगातार प्रदूषित होती चली गई।
सुबह और शाम के समय भी वातावरण में धुंध और धुएं का असर महसूस किया गया। प्रदूषण बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए स्थिति अधिक चिंताजनक बनी रही।