कुरुक्षेत्र। यादव धर्मशाला में 23 सितंबर को वीर शहीद दिवस पर अहीर पराक्रम स्मृति स्थल का उद्घाटन किया जाएगा। 1962 के भारत-चीन युद्ध की रेजांग ला की लड़ाई के दो शूरवीरों कप्तान रामचंद्र यादव और हवलदार निहाल सिंह यादव सेना मेडल के साथ जिले की वीर नारियों को भी सम्मानित किया जाएगा। भारतीय सेना के एडीशनल डायरेक्टर जनरल आर्टिलरी मेजर जनरल अरविंद यादव मुख्य अतिथि होंगे और प्रसिद्ध समाजसेवी राव राज सिंह कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। यादव समाज सभा कुरुक्षेत्र के प्रधान डाॅ. अतुल यादव ने बताया कि अहीर पराक्रम स्मृति स्थल पर वीर अहीरों के प्रथम विश्व युद्ध से आज तक के अहीर शौर्य पदक विजेताओं की सूची लगाई जाएगी। इस सूची में हरियाणा सहित बिहार, छतीसगढ़, मध्यप्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान और महाराष्ट्र के शौर्य पदक विजेताओं को शामिल किया गया है।
उन्होंने कहा कि अहीर पराक्रम स्मृति स्थल आने वाली पीढ़ियों को उनके वीर बुजुर्गों के इतिहास के बारे में जागृत करेगा और देश की सेवा के लिए भी प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि उत्तर भारत में यह एकमात्र स्थल होगा जहां वीर अहीरों के पराक्रम को शिलापट्ट पर उल्लेखित किया गया है।