संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। कोरोना काल से बंद पड़ीं सरकारी स्कूलों की रसोई में फिर से खाने की खुशबू महकेगी। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद सरकार ने सरकारी स्कूलों में मिड-डे मील की सुविधा फिर से शुरू करने के आदेश जारी किए हैं। सरकार के यह आदेश लागू होने से दो साल बाद पहली से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को स्कूल में ही गर्म पौष्टिक भोजन मिलेगा।
विभाग ने शाहाबाद और बाबैन खंड के स्कूलों में खुद मिड-डे मील की तैयारी शुरू करने के साथ-साथ इस्कॉन को भी पत्र लिखा है। दरअसल जिले के थानेसर, पिहोवा और लाडवा क्षेत्र में एमओयू के तहत इस्कॉन की ओर से सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक के विद्यार्थियों को मिड-डे मील उपलब्ध कराया जा रहा है। सरकारी स्कूलों में बनने वाले मिड-डे मील में अब विद्यार्थियों को कढ़ी-चावल, हलवा, काले चने, मीठी खीर, पूड़े, रोटी, सब्जी, मीठा दलिया सहित अन्य पौष्टिक आहार परोसा जाएगा।
उल्लेखनीय है कि कोरोना की दस्तक के बाद से मिड-डे मील बंद कर दिया गया था। इससे पहले सरकारी स्कूलों में कक्षा पहली से आठवीं तक अध्ययनरत विद्यार्थियों को को मिड-डे मील योजना के तहत दोपहर में गर्म भोजन खिलाया जाता था, लेकिन कोविड के चलते सरकार ने गर्म भोजन की व्यवस्था बंद कर दी थी।
कोरोना महामारी केचलते पिछले दो साल से स्कूलों में मिड-डे मील की सुविधा बंद की गई थी। अब सरकार के आदेश पर जल्द ही स्कूलों में फिर से बच्चों को गर्म भोजन परोसा जाएगा। इस्कॉन और सभी स्कूल संचालकों को इस बारे में पत्र जारी कर तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। - सतनाम सिंह भट्टी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी।