कुरुक्षेत्र। जम्मू के पहलगाम आतंकी हमले का असर कुरुक्षेत्र तक पहुंचा है, जिसके चलते जीआरपी व आरपीएफ भी अलर्ट मोड पर आ गई है। बुधवार को संयुक्त तौर पर रेलवे स्टेशन पर तलाशी अभियान चलाया और कोना-कोना खंगाला। जीआरपी थाना प्रभारी बुद्देव व आरपीएफ प्रभारी बलबीर सिंह तोमर के नेतृत्व में यह अभियान करीब चार घंटे तक जारी रहा, जिस दौरान जवानों ने न केवल यहां रुकती रही ट्रेनों में यात्रियों के सामान की जांच की तो संदिग्धों से पूछताछ भी की। वहीं रेलवे स्टेशन पर भी वेटिंग रूम से लेकर टिकट घर व प्लेटफार्म पर ट्रेनों का इंतजार कर रहे यात्रियों से भी गहन पूछताछ की और उनके सामान को भी खंगाला। खासतौर पर जम्मू की ओर से आने वाली ट्रेनों व उनमें सवार यात्रियों की तलाशी ज्यादा गहनता से ली गई। हालांकि इस दौरान कोई संदिग्ध वस्तु व व्यक्ति नहीं मिला लेकिन पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान लगातार जारी रखा जाएगा। यहां तक कि रात के समय भी निगरानी बढ़ा दी गई है। सीसीटीवी कैमरों पर भी नजरें टिकाई हुई है।
किसी ने नहीं कराई बुकिंग रद्द
धर्मनगरी के रेलवे स्टेशन से हर रोज करीब 50 यात्री जम्मू व कश्मीर के लिए रवाना होते हैं। बाकायदा ट्रेनों की सीटें बुक कराई जाती है। हालांकि पहले बुकिंग करवा चुके यात्रियों पर उक्त हमले का ज्यादा असर नहीं दिखा। रेलवे कर्मियों के अनुसार किसी ने भी अपनी टिकट रद्द नहीं करवाई है। स्टेशन अधीक्षक शंकर लाल मीणा का कहना है कि ट्रेनें भी सामान्य रूप से चलती रही।