कुरुक्षेत्र। हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के बीच खींचतान खत्म होने की बजाय बढ़ती ही जा रही है। मीरी पीरी मेडिकल संस्थान शाहाबाद की सेवा संभाल के शुरू हुए मामले के बाद कमेटी प्रधान जत्थेदार जगदीश सिंह झींडा व नामित सदस्य बलजीत सिंह दादूवाल के बीच विवाद और भी बढ़ गया है। वीरवार को भी यह विवाद उस समय स्पष्ट दिखाई दिया जब दोनों ने ही अपने-अपने समर्थकों के साथ बैठक की लेकिन कोई एक-दूसरे की बैठक में नहीं पहुंचा। झींडा ने सभी सदस्यों की बैठक गुरुद्वारा छठी पातशाही में बुलाई थी, जिससे दादूवाल गुट ने दूरी बनाए रखी तो वहीं दादूवाल कमेटी मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने अपने समर्थकों के साथ बैठक की और बाद में पत्रकाराें से चर्चा करते हुए प्रधान झींडा को निशाने पर लिया।
कुछ सदस्य निजी स्वार्थ के लिए कमेटी के बजट में डाल रहे अड़चन : झीडा
मीरी पीरी मेडिकल संस्थान सेवा संभाल, बजट और अन्य मुद्दों पर विचार विमर्श करने के लिए वीरवार को बुलाई गई बैठक में नामित सदस्य दादूवाल और उनके समर्थकों के शामिल न होने पर प्रधान जगदीश सिंह झींडा ने कहा कि कुछ सदस्य अपने निजी स्वार्थ के लिए संस्था के काम व बजट में बाधा डाल रहे हैं।
झींडा ने कहा कि बजट को लेकर सभी 49 सदस्यों की मीटिंग बुलाई गई थी और सहयोग की अपील की गई थी लेकिन कुछ सदस्य मीटिंग से गैरहाजिर रहे। ये वो सदस्य है, जिन्हें संगत ने नकार दिया था और सरकार के जरिए नामजद सदस्य हो गए। ये संस्था को बर्बाद करने पर तुले हैं। उन्होंने कहा कि मीरी पीरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को लेकर यह लोग झूठी बातें फैला रहे हैं। संगत को गुमराह करने से बचना चाहिए।
मीरी पीरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को चलाने के लिए बोर्ड बनाने के सवाल पर झींडा ने कहा कि इसके लिए कार्यकारिणी समिति ही अगली कार्रवाई कर सकती है। कार्यकारिणी समिति पहले बने को बोर्ड को भंग कर दोबारा बोर्ड बना सकती है।
उन्होंने कहा कि दादूवाल मीरी पीरी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की एक भी पेशी तारीख पर नहीं गए। झींडा ने अपने साथ बैठक में संयुक्त सचिव बलविंदर सिंह भिंडर, कार्यकारिणी समिति सदस्य जत्थेदार करनैल सिंह निम्नाबाद, पलविन्द्र सिंह, कुलदीप सिंह मुल्तानी, रुपिंदर सिंह, इंद्रजीत सिंह, मेजर सिंह, गुरमेज सिंह, बिन्दर सिंह खालसा, मोहनजीत सिंह पानीपत, प्रकाश सिंह साहुवाल, गुरनाम सिंह डबरी, कर्मजीत सिंह, जोगा सिंह, रविंदर सिंह, सुखदेव सिंह, रजिंदर सिंह राणा, इकबाल सिंह, कुलदीप सिंह और सुखजिंदर सिंह मसाना भी मौजूद रहने का दावा किया।
दादूवाल बोले, झींडा बोल रहे बादलों की बोली, कर रहे गलत प्रचार
कमेटी के नामित सदस्य बलजीत सिंह दादूवाल ने प्रधान जगदीश सिंह झींडा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें मीरी पीरी मेडिकल संस्थान की कानूनी प्रक्रिया के बारे में भी कोई जानकारी तक नहीं थी। अब हाईकोर्ट का आदेश आया तो वे बादलों की बोली बोलने लगे हैं। उन्होंने कहा कि झींडा गलत प्रचार कर रहे हैं कि मीरी पीरी मेडिकल संस्थान घाटे में हैं और इसे चलाने के लिए बजट नहीं है जबकि संस्थान के पास करोड़ों का बजट है और अपना खर्च खुद निकाल रहा है। दादूवाल ने कहा कि झींडा संगत के बीच भी झूठ बोल रहे हैं और वे तब तक बजट पास नहीं होने देंगे जब तक झींडा संगत से पहले पास हुए बजट के संबंध में माफी न मांग लें। झींडा ने अपने कार्यकाल से पहले पास किए इस बजट को जानबूझ कर रद्द किया था। दादूवाल ने झींडा पर अपने समर्थक सदस्यों को भी विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देकर तोड़ने के आरोप लगाए।
मामले में उन्होंने संस्थान के सीईओ पर भी एसजीपीसी व बादल परिवार के समक्ष खड़े रहने के आरोप लगाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाए कि वे संस्थान से जुड़ी कई फाइलें इधर से उधर कर रहे हैं। जब तक हरियाणा कमेटी पूरी तरह से संस्थान की सेवा नहीं संभाल लेती तब तक एसजीपीसी ही कर्मचारियों की सैलरी दें व सेवा संभाल लेने के बाद सबसे पहले सीईओ की भूमिका की ही जांच की जाएगी। संस्थान की सेवा संभाल को लेकर वे मुख्यमंत्री से भी मिल चुके हैं, जिसके साथ ही डीसी व एसपी को भी पत्र लिखा है। दादूवाल ने कमेटी के अकाउंटेंट को लंगर सेवा के लिए 10 लाख रुपये का चेक भी सौंपा।