पिहोवा। गत दिवस भौर सैयदां गांव के निकट बेसहारा पशु के आगे आने से हुए हादसे में जख्मी महिला ने दम तोड़ दिया। कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल में महिला का उपचार चल रहा था। सोमवार-मंगलवार की रात करीब 12 बजे पुलिस को ऊषा देवी (60) निवासी रावगढ़ की मौत की सूचना मिली थी। पुलिस ने मंगलवार को ओटी टेक्नीशियन सुनील कुमार (33) व उसकी चाची ऊषा देवी के शव का पोस्टमार्टम कराया।
थाना सदर पुलिस को दिए बयान में अनिल कुमार निवासी रावगढ़ ने बताया कि वह सोमवार अपने भाई सुनील कुमार, मां ऊषा देवी, भाभी रीना व भाई मनोज कुमार के साथ कार में अपनी रिश्तेदारी में कलायत जिला कैथल में गए थे। लौटते समय दोपहर करीब डेढ़ बजे भौर सैयदां के पास पहुंचे तो उनकी कार के आगे बेसहारा पशु आ गया। उसके भाई सुनील कुमार ने कार को संभालने का काफी प्रयास किया, मगर उनकी कार बेकाबू होकर सड़क पर खड़े पेड़ से टकरा गई थी। इस हादसे में उसके भाई सुनील कुमार की मौत हो गई थी जबकि हादसे में जख्मी होने पर उनको एलएनजेपी अस्पताल पहुंचाया गया। यहां से परिजनों ने उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया जहां उपचार के दौरान उसकी मां ऊषा देवी ने दम तोड़ दिया। बयान पर पुलिस ने इत्तेफाकिया रपट दर्ज कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए।