कुरुक्षेत्र। बुनियाद लेवल-1 परीक्षा के बाद अब जिलेभर के चयनित विद्यार्थी बुनियाद लेवल-2 की तैयारी में पूरी तरह जुट गए हैं। स्कूलों, कोचिंग केंद्रों और घरों में इन दिनों पढ़ाई का माहौल नजर आ रहा है। शिक्षा विभाग और विकल्प फाउंडेशन की ओर से संचालित बुनियाद कार्यक्रम के तहत मेधावी विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार किया जा रहा है जिससे उनमें प्रारंभ से ही लक्ष्य के प्रति स्पष्टता और आत्मविश्वास विकसित हो सके।
बुनियाद लेवल-2 की परीक्षा 30 जनवरी को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा कुल 200 अंकों की होगी। वहीं, बुनियाद लेवल-1 का परिणाम 20 जनवरी को घोषित किया जाएगा। परिणाम की प्रतीक्षा के साथ-साथ विद्यार्थी लेवल-2 की तैयारी में जुट गए हैं। गणित, विज्ञान और तार्किक क्षमता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। शिक्षक विद्यार्थियों को परीक्षा पैटर्न समझाने के साथ-साथ समय प्रबंधन के टिप्स भी दे रहे हैं।
तैयारी कर रही छात्रा काजल ने बताया कि लेवल-1 की परीक्षा अच्छी गई है। अब लेवल-2 के लिए रोजाना तय समय पर पढ़ाई कर रही हूं। शिक्षक हमें कठिन सवालों को आसान तरीके से समझा रहे हैं। वहीं, छात्र अमन ने कहा कि बुनियाद कार्यक्रम से हमें आगे की प्रतियोगी परीक्षाओं की झलक मिलती है। इससे डर कम होता है और आत्मविश्वास बढ़ता है।
अभिभावक भी बच्चों का हौसला बढ़ा रहे हैं।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ डॉ. तरसेम कौशिक ने बताया कि लेवल-दो में चयनित विद्यार्थियों को आगे आईआईटी, नीट, एनडीए जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की दिशा में मार्गदर्शन और प्रशिक्षण दिया जाएगा। लेवल-दो की परीक्षा के लिए विद्यार्थियों में खासा उत्साह है और वे पूरे मनोयोग से सफलता की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। यह परीक्षा कुल 200 अंकों की होगी।