12 दिन बाद शनिवार सुबह काली घटाएं घिरने के बाद दोपहर को तेज गरज के साथ बारिश हुई। 09 एमएम बारिश से वातावरण में आर्र्दता बढ़ गई और न्यूनतम तापमान छह डिग्री कम हो गया। वहीं ठंडी हवा चलने से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत भी मिली। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार रविवार को भी दिन भर बादल छाए रहने के साथ बूंदाबांदी होने का अनुमान है।
इससे पहले आठ अगस्त को 25 एमएम बारिश हुई थी। हालांकि, बीच में एक दो दिन बादल छाए, लेकिन बरसात नहीं हुई। एक सप्ताह तक मौसम शुष्क बना रहने से दिन में अधिकतम तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने लगा और रात में न्यूनतम तापमान भी 27 से 28 डिग्री सेल्सियस तक रहने लगा। शुक्रवार को बादल छाए रहने और शनिवार को बारिश होने से पिछले 12 दिन की गर्मी से काफी राहत मिली। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। शनिवार को कुछ लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए तो कुछ बारिश से बचने के लिए छाता पकड़कर गंतव्य की ओर जाते दिखाई दिए। मौसम विभाग के अनुसार रविवार और सोमवार को बारिश होने की 70 प्रतिशत संभावना है, वहीं मंगलवार को 40 प्रतिशत बारिश के आसार है।
यहां हुई इतनी बारिश
थानेसर 13 एमएम
पिहोवा 10 एमएम
शाहाबाद 06 एमएम
लाडवा 11 एमएम
इस्माईलाबाद 6 एमएम
बाबैन 10 एमएम