कुरुक्षेत्र। थानेसर ब्लॉक समिति की 15वीं वित्त कमेटी की बैठक करीब 10 माह बाद हुई। उपाध्यक्ष नेहा और बैठक के लिए नियुक्त प्रवक्ता नीतिश के बीच तीखी गहमा-गहमी के चलते हंगामेदार रही बैठक में कई मुद्दों पर सवाल उठे और कई मामलों में आश्वासन दिया गया।
बैठक में वाइस चेयरपर्सन नेहा ने प्रशासन और संबंधित अधिकारियों पर अपने क्षेत्र में विकास कार्य न होने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मिर्जापुर न्यू कॉलोनी में सुरक्षा के लिए कैमरे लगाए गए थे लेकिन एक माह चलने के बाद ही सभी कैमरे बंद हो गए। नेहा के अनुसार करीब 10 माह से कैमरे खराब पड़े हैं और इस दौरान इलाके में कई बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लोग उन्हें कैमरे चेक कराने को कहते हैं लेकिन कैमरे खराब पड़े हैं।
बोली सॉरी सर मुझसे बात हो रही है मुझे बोलने दो, आप चुप रहें
जब वाइस चेयरपर्सन नेहा मीटिंग के दौरान मीडिया से बात कर रही थीं, तभी प्रवक्ता नीतिश बीच में बोलने लगे। इस पर नेहा ने कहा सॉरी सर, जब मुझसे बात हो रही है तो मुझे बोलने दीजिए। जब आपसे पूछा गया था, तब हमने बीच में हस्तक्षेप नहीं किया। इस पर बैठक का माहौल और गरमा गया। नेहा ने आरोप लगाया कि हर मीटिंग में विकास कार्यों के बारे में सवाल तो पूछे जाते हैं लेकिन धरातल पर काम होता नजर नहीं आता। उन्होंने कहा कि उनके क्षेत्र में अब तक महज एक गली ही बनी है जबकि कई अन्य कार्य लंबे समय से लंबित पड़े हैं।
प्रवक्ता नीतिश का कहना है कि कैमरे अभी तक पूर्ण रूप से चालू नहीं किए गए। अभी काम होना बाकी है। एक माह के दौरान कैमरे को ठीक करा दिया जाएगा।
25 सदस्यों में से पहुंचे 20
बैठक में कुल 25 सदस्यों में से 20 सदस्य मौजूद रहे। हालांकि इनमें से कुछ सदस्य मीटिंग समाप्त होने के बाद केवल हस्ताक्षर करने पहुंचे, जिसे लेकर भी सवाल उठे। नियमानुसार बैठक की अध्यक्षता चेयरपर्सन रजनी शर्मा ने की।
मिली एक करोड़ की ग्रांट
प्रवक्ता नीतिश ने जानकारी दी कि सरकार की ओर से ब्लॉक समिति को एक करोड़ रुपये की ग्रांट प्राप्त हुई है। इस ग्रांट के तहत प्रत्येक वार्ड को चार लाख रुपये दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि सभी वार्डों से विकास कार्यों के प्रस्ताव मांगे जाएंगे और प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएंगे।
कुरुक्षेत्र। मीटिंग में अपना पक्ष रखती वाइस चेयरपर्सन नेहा। संवाद