कुरुक्षेत्र। भारत हमेशा से ही वीरों की भूमि रहा है। वहीं पर जब बात वीरता की हो तो हरियाणा का नाम वहां जरूर आता है। हरियाणा की धरा ने अनेक सूरमाओं को जन्म दिया है जिन्होंने हरियाणा का नाम न सिर्फ देश में बल्कि विदेशों में खूब रोशन किया है। कुरुक्षेत्र के रहने वाले अमनदीप सिंह की पहलवानी भी इन दिनों यूएसए में काफी वाहवाही बटोर रही है।
कई रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज करवा चुके भारत में स्टीलमैन के नाम से मशहूर अमनदीप सिंह यूएसए में भारत का दम-खम दिखाकर सभी को दांतों तले उंगलियां दबाने को मजबूर कर रहे हैं। यूएसए में चलने वाले प्रतिभा खोज शो टैंगों टैलेंटों मूचो टैलेंट शो में बीते दिनों अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए अमनदीप सिंह स्टेज पर पहुंचे। पहले तो अमनदीप सिंह ने अपने देश और देश की वीरता से विदेशियों को अवगत करवाया और फिर अपनी प्रतिभा दिखाकर सभी को हतप्रभ कर दिया। अपने शरीर पर भारी पत्थरों को रखकर उन्हें तुड़वाने के बाद अपने शरीर पर भारी हथोड़ों की मार सहन करने की अमनदीप सिंह की प्रतिभा जिसने भी देखी वह अपनी सीट पर खड़ा हो गया। जज उन्हें देखकर काफी प्रभावित हुए और उनके सम्मान में खड़े हो गए। अमनदीप सिंह के नाम इंग्लैंड की वंडर बुक में 12 वर्ल्ड रिकॉर्ड भी दर्ज है।
जानकर हैरानी होगी कि अमनदीप के लिए बाइक और गाड़ी उठाना बाएं हाथ का खेल है। इनके शरीर पर हथौड़े और लोहे के रॉड से मारने पर भी दर्द नहीं होता। इनकी बहादुरी के किस्से दुनिया के हर कोने में फैले हैं। अमनदीप के शरीर के ऊपर से गाड़ी भी गुजर जाए तो भी उन्हें कोई रत्ती भर दर्द भी नहीं होता। अमनदीप सिंह एमएमए की ट्रेनिंग यूएसए में जैक्सन विंक एकेडमी में हो रही है और उन्होंने किक बाक्सिंग फाइट भी जीती है। यूएसए के फाइटर को हराकर इंडिया का नाम भी अमनदीप सिंह ने रोशन किया है। अमनदीप सिंह का कहना है कि वह स्टील मैन आफ वर्ल्ड का खिताब जीतना चाहते हैं। उसके लिए उनकी एकेडमी से वर्ल्ड फाइटर को चैलेंज किया गया है।