अनाज मंडी के आढ़तियों और किसानों ने सरकारी एजेंसियों के लिए धान की खरीद कर रहे कस्टम मिलर्स पर धान न खरीदने का आरोप लगाया है। कस्टम मिलर्स की खरीद नीति से परेशान मुख्य व विस्तार अनाज मंडी के दर्जनों आढ़ती अपनी समस्या को लेकर मंगलवार को मार्केट कमेटी के सचिव जसबीर सिंह से मिले और धान की खरीद करवाने की मांग की।
आढ़तियों ने पत्र लिखकर मार्केट कमेटी सचिव को अन्य मंडियों के कस्टम मिलर्स को लाडवा मंडी में धान खरीदने की मंजूरी देने की भी मांग की है। नफे सिंह सदस्य जिला परिषद, चंदगी राम, ईश्वर सिंह, कृष्ण सैनी, प्रदीप सिंह, धर्मपाल, मोहन लाल, ज्ञान सिंह भुल्लर, रामकुमार, धर्मपाल, प्रेम सिंह, जयपाल, अंग्रेज सिंह, शिव कुमार व जगदीश कुमार आदि आढ़तियों ने कहा कि कस्टम राइस मिलर्स धान को मनमाने ढंग व कीमतों पर खरीदते हैं।
आढ़तियों ने कहा कि कस्टम मिलर्स ने पूल कर रखा है और वें पूरी तरह सूखे धान को भी नमी बताकर कम कीमतों पर खरीदते हैं जबकि नमी वाले धान को न्यूनतम समर्थन मूल्य से तीन सौ रुपये तक कम कीमत पर खरीदा जा रहा है। आढ़तियों ने कहा कि कस्टम मिलर्स के मनमाने रवैये के कारण किसान अपना धान दूसरी अनाजमंडियों में ले जाकर बेच रहे हैं। आढ़तियों ने मार्केट कमेटी सचिव से मांग की है कि कम कीमतों पर धान खरीद कर किसानों का शोषण करने वाले कस्टम मिलर्स के खिलाफ कारवाई की जाए और अन्य जिलों से कस्टम मिलर्स को लाडवा मंडी में आकर धान खरीदने की मंजूरी दी जाए। इससे किसानों को धान के उचित दाम मिल सकेंगे और उनका शोषण रुकेगा।
आढ़तियों ने कहा कि यदि सरकारी एजेंसियों ने कस्टम मिलर्स को उचित कीमतों पर खरीदने के बाध्य नहीं किया तो वे जिला उपायुक्त व मुख्यमंत्री से मिलकर शिकायत करेंगे। मार्केट कमेटी सचिव ने आढ़तियों की समस्याओं पर संज्ञान लेते हुए तुरंत खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को मंडी में बुलाया और मौके पर जाकर धान की ढेरियों की जांच करके उनकी खरीद कराई।
कस्टम मिलर्स पर कडी कारवाई की जाएगी: सचिव
मार्केट कमेटी के सचिव जसबीर सिंह ने बताया कि धान को मनमानी कीमत पर खरीदने की शिकायत मिलने पर धान खरीदने वाले कस्टम मिलर्स पर कारवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि आढ़तियों की शिकायत पर उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को धान की खरीद करने के लिए कहा है और अन्य जिलों व मंडियों के कस्टम मिलर्स को लाडवा अनाजमंडी में आकर धान खरीदने के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखेंगे।