कुरुक्षेत्र। जिले में एक नवंबर से बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) वाले वाहनों पर पुलिस कार्रवाई करेगी। हरियाणा के डीजीपी के निर्देशों पर जिला पुलिस यह विशेष अभियान चलाएगी। अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट, अनधिकृत और अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले वाहनों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन मिलने पर वाहन चालकों के चालान किए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक चंद्र मोहन ने बताया कि एचएसआरपी वाहनों की पहचान करने में मददगार होती है। यह किसी आपराधिक घटना की जांच में भी सहायता करती है। उन्होंने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे एक नवंबर से पहले अपने वाहनों पर एचएसआरपी लगवा लें। इससे वे अभियान के दौरान चालान की कार्रवाई से बच सकेंगे।
कंडक्टर से लूट के तीन आरोपी गिरफ्तार
- पिपली के पूजा कट के पास चाकू दिखाकर पर्स छीनने का आरोप
- पुलिस ने 10 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया
कुरुक्षेत्र। पिपली के पूजा कट के पास एक कंडक्टर से चाकू दिखाकर पर्स छीनने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को अपने नाम दिवांशु उर्फ कटरीना, जितिन उर्फ कुज्जू और विशाल उर्फ राहुल बताए हैं। पुलिस ने उनके पास से 10 हजार रुपये, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया है।
कंडक्टर जसमेरे सिंह ने 29 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 11 सितंबर की रात करीब 10 बजे मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने उन्हें रोककर चाकू दिखाया और पर्स छीन लिया। पर्स में 50 हजार रुपये और जरूरी कागजात थे। थाना सदर थानेसर में प्राथमिकी दर्ज होने के बाद, पुलिस ने 24 अक्तूबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। मामले में आगे की जांच जारी है।
संत रामपाल आश्रम में फायरिंग करने का आरोपी गिरफ्तार, अदालत में पेश किया
- 22 अक्तूबर को प्रस्तावित था संत रामपाल का कार्यक्रम, इससे पहले 20-21 अक्तूबर की रात हुई थी फायरिंग
- अपराध अन्वेषण शाखा-1 ने करनाल जिले के अर्जेहड़ी निवासी प्रेम चंद को गिरफ्तार किया
संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। पिपली स्थित संत रामपाल आश्रम में हुई फायरिंग के मामले में जिला पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान करनाल जिले के अर्जेहड़ी निवासी प्रेम चंद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे 24 अक्तूबर को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया था। मामले की जांच अपराध अन्वेषण शाखा-1 कर रही है। पुलिस प्रवक्ता नरेश के अनुसार, आश्रम के सेवादार एवं प्रबंधक पुरुषोत्तम दास ने 23 अक्तूबर को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि 20 और 21 अक्तूबर की रात आश्रम में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने फायरिंग की थी। यह घटना 22 अक्तूबर को संत रामपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम से ठीक पहले हुई थी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर थाना सदर थानेसर में मामला दर्ज किया था।
सोशल मीडिया पर धमकी और आगे की कार्रवाई
शिकायत के अनुसार, सोशल मीडिया मंच फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स पर कुछ पोस्ट और वीडियो साझा किए गए। इनमें फायरिंग की जिम्मेदारी लेने तथा संत रामपाल और उनके अनुयायियों को धमकी देने के दावे किए गए थे। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इन गतिविधियों के जरिये तनाव पैदा करने का प्रयास किया गया। इसके बाद जांच अपराध अन्वेषण शाखा-1 को सौंपी गई।