पिहोवा। कराह साहिब खरीद केंद्र पर मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर अन्य किसानों की भूमि एवं फसल का फर्जी पंजीकरण कराकर धान बेचने के प्रयास के मामले में प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
उपमंडल अधिकारी नागरिक डॉ. राहुल कनवरिया का कहना है कि मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों से रिकॉर्ड तलब कर जांच कराई गई। तहसीलदार पिहोवा से पटवारी रिपोर्ट, कृषि विभाग से पोर्टल पंजीकरण का रिकॉर्ड तथा मार्केट कमेटी पिहोवा से गेट पास और खरीद संबंधी विवरण प्राप्त किया गया।
जांच में सामने आया कि आरोपी गौरव कुमार निवासी गढ़ी लांगरी ने शाहपुर गांव एवं जुरासी कलां के पांच खसरा नंबरों की लगभग 4.94 एकड़ भूमि पर धान की फसल का पंजीकरण अपने नाम कराया था। पटवारी की रिपोर्ट के अनुसार संबंधित भूमि पर आरोपी का न तो मालिकाना हक है और न ही वह भूमि उसकी काश्त में है। इन खसरों पर धान की फसल अन्य किसानों की है, जबकि एक खसरा पंचायत भूमि का है। इसी पंजीकरण के आधार पर गत 10 अक्तूबर को कराह साहिब खरीद केंद्र पर एक आढ़ती फर्म के माध्यम से 87 क्विंटल धान का गेट पास कटवाया गया।
उन्होंने कहा कि मामले में मार्केट कमेटी पिहोवा के सचिव चंद्र सिंह की ओर से पुलिस को शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया गया। थाना सदर पिहोवा का प्रभार देख रहे डीएसपी रोहित ने शिकायत पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) एवं 319(2) के तहत एफआईआर दर्ज कराई। डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधिकारी संदीप को मामले की जांच सौंपी गई है। संबंधित गेटपास पर अब तक धान की कोई खरीद नहीं हुई है और न ही कोई भुगतान किया गया है।