कुरुक्षेत्र। साढ़े तीन साल पहले लाडवा क्षेत्र में एक व्यक्ति से पिस्तौल की नोक पर लूटपाट, फायरिंग और गाड़ी छीनने के आरोपी को पुलिस ने प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया है। आरोपी एक गिरोह के साथ काम करता था। गिरोह ने विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या का प्रयास, लूटपाट, डकैती और छिनैती की वारदातों को अंजाम दिया है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न जिलों में 11 मामले दर्ज हैं।
लाडवा पुलिस को सूचना मिली थी कि पिस्तौल के बल पर लूटपाट, फायरिंग और कार छीनने का आरोपी वीरेंद्र कुमार निवासी बेरी (झज्जर) इस समय सोनीपत जिला जेल में बंद है। पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर अदालत से तीन दिन की रिमांड पर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कर्ण गोयल ने बताया कि लाडवा थानाक्षेत्र के समाना बाहु निवासी डिंपल ने 12 जुलाई 2018 को थाने में शिकायत देकर बताया था कि 12 जुलाई की रात करीब पौने 12 बजे वह अपनी फॉर्च्यूनर में यमुनानगर से आ रहा था। वह पानी की बोतल खरीदने के लिए लाडवा स्थित इंद्री चौक पर रुका तभी पांच-छह युवकों ने उसे गाड़ी में धकेल कर उस पर पिस्तौल तान दी और एक युवक गाड़ी चलाने लगा। आरोपियों ने उसके हाथ से तीन सोने की अंगूठियां और करीब 50 हजार नकद छीनकर उसे पीछे वाली सीट पर बैठा दिया। एक सुनसान जगह पर उन्होंने उसे गाड़ी से उतारकर उसके पैरों के पास दो गोलियां चलाईं और उसकी गाड़ी लेकर फरार हो गए। उसने एक व्यक्ति से मदद लेकर मामले की सूचना पुलिस को दी। थाना लाडवा में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सीआईए-2 को सौंपी थी।
जांच कर रही सीआईए-2 को सूचना मिली थी कि लाडवा क्षेत्र से लूटपाट करने का आरोपी सोनीपत जिला जेल में बंद है। 13 दिसंबर 2018 को पुलिस ने कुंडली थानाक्षेत्र के नाहरी निवासी दिनेश, हरसाना कलां निवासी अमित उर्फ मोटा और महिपाल उर्फ माल्ला निवासी सोनीपत को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर दो दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ की थी। पूछताछ में आरोपियों ने कबूला कि उन्होंने लाडवा क्षेत्र से पिस्तौल की नोक पर गाड़ी छीनकर वारदात को अंजाम दिया था। गहनता से पूछताछ में कबूला कि उनके गिरोह का मुख्य सरगना रामकरण है, जो हत्या के मामले में जिला जेल कुरुक्षेत्र में बंद है। उनके गिरोह में 14 लोग शामिल हैं, जिनमें 11 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और तीन फरार हैं। इसके अलावा उन्होंने यमुनानगर से एक क्रेटा, हिसार से सफारी गाड़ी भी छीनी थी, जिसे सोनीपत पुलिस ने कब्जे में लिया था।
लाडवा पुलिस ने 14 जनवरी को थाना प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र कुमार की अगुवाई में मामले में शामिल अन्य आरोपी वीरेंद्र कुमार को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर अदालत में पेश कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है।