कुरुक्षेत्र। कनाडा भेजने के नाम पर 6.30 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी हरप्रीत सिंह उर्फ हैरी निवासी हरगोविंद सिंह नगर जिला गुरदासपुर पंजाब के कब्जे से एक लाख रुपये बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी को जिला जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लिया था।
थाना शहर थानेसर में दर्ज शिकायत में दीपक मैहला निवासी जड़ौला जिला कैथल ने बताया था कि उसका हरप्रीत सिंह के साथ कनाडा जाने के लिए 18 लाख रुपये में इकरारनामा हुआ था। इसमें आधी रकम पहले तथा बकाया रकम पहुंचने के बाद देना तय हुआ था। 27 जनवरी 2023 को उसने आरोपी के खाते में 6.30 लाख रुपये जमा कराए थे। इसके बाद आरोपी ने उसका वीजा भी नहीं लगवाया और रुपये वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी देता रहा। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच सीआईए-एक ने करते हुए आरोपी हरगोविंद सिंह को अदालत से प्रोडक्शन वारंट पर लेकर पांच दिन के रिमांड पर लिया था। रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से एक लाख रुपये बरामद किए गए। अदालत के आदेश से आरोपी को कारागार भेज दिया।