संवाद न्यूज एजेंसी
कुरुक्षेत्र। विदेश भेजने के नाम पर तीन लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी राजकुमार निवासी मुर्तजापुर ने शिकायतकर्ता को आठ लाख रुपये में स्पेन या इंग्लैंड भेजने का आश्वासन दिया था। आरोपी ने उसे 10 से 15 दिन तक दिल्ली रखकर वापस भेज दिया था। थाना सदर थानेसर में 11 नवंबर को दर्ज शिकायत में रमेश कुमार निवासी मुर्तजापुर ने बताया था कि एक साल पहले मार्च में आरोपी राजकुमार उसकी दुकान पर आया था।
आरोपी ने उसे 12 लाख रुपये इंग्लैंड और 10 लाख रुपये में स्पेन वर्क परमिट पर भेजने का भरोसा दिया था। आठ लाख रुपये में उसकी आरोपी से बात तय हो गई थी। विश्वास होने पर उसने इंग्लैंड या स्पेन भेजने का इकरारनामा तय करके सात मार्च 2023 को तीन लाख रुपये आरोपी को दिए थे। आरोपी ने जल्द ही वीजा दिलाने की बात कही थी। कुछ दिन बाद आरोपी ने उसे दिल्ली बुलाया, मगर 10-15 दिन इंतजार करने के बाद वह गांव आ गया था। वह आरोपी के घर गया तो उसने पैसे व कागजात देने से साफ मना कर दिया था। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच करते हुए आरोपी राजकुमार को गिरफ्तार कर लिया गया। अदालत के आदेश से आरोपी को कारागार भेज दिया गया है।