कुरुक्षेत्र। एप्पल मोबाइल दिलाने के नाम पर दो लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मनोज भाटिया निवासी करनाल ने शिकायतकर्ता को सस्ते मोबाइल दिलाने का आश्वासन दिया था। इस एवज में आरोपी ने दो लाख रुपये एडवांस लिए थे।
थाना शहर थानेसर में दर्ज शिकायत में पंकज अरोड़ा निवासी सेक्टर-13 ने बताया था कि उसकी सेक्टर-13 मार्केट में किताबों की दुकान है। आरोपी मनोज भाटिया की भी कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के सामने किताबों की दुकान थी। वह आरोपी को करीब 15 साल से जानता था। वह कई बार उसे किताबें सप्लाई करता था। आरोपी किताबों के अलावा कई तरह की कंपनी के लॉट का सामान जूते, बैग, पर्स, एसी व मोबाइल भी जयपुर से लेकर आता था, जिसे आरोपी मार्केट से 40 प्रतिशत कम दाम में बेचता था। आरोपी ने उसे तीन एप्पल मोबाइल 512 जीबी 85 हजार प्रति मोबाइल देने का आश्वासन दिया था। उसकी बातों में आकर उसने आरोपी को मोबाइल के लिए नौ मई को दो लाख रुपये एडवांस दिए थे, मगर आरोपी ने अभी तक मोबाइल नहीं दिए और न ही उसके पैसे वापस किए थे। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी मनोज भाटिया को गिरफ्तार कर लिया है।