कुरुक्षेत्र। कनाडा का नकली वीजा थमाकर 20 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी जयंत राज निवासी कुरुक्षेत्र ने 46 लाख रुपये में शिकायतकर्ता के साथ कनाडा भेजने का इकरार किया था।
थाना कृष्णा गेट में दर्ज शिकायत में जगरूप सिंह उर्फ संजय निवासी ज्योति नगर ने बताया था कि जयंत राज उसका पड़ोसी है। जयंत राज ने उसके बेटे को 46 लाख रुपये में कनाडा भेजने का इकरारनामा किया था। बात तय होने पर उसने 21 मई 2022 को आरोपी के खाते में दो लाख रुपये आरटीजीएस के माध्यम से दिए थे। पासपोर्ट, आधार कार्ड, पैन कार्ड देने के बाद सात लाख रुपये और आरोपी के खाते में जमा किए थे। बाद में आरोपी ने उसे वीजा अप्रूवल लेटर देकर चार लाख रुपये और खाते में डलवाए थे। उसने वीजा लेटर की जांच कराई तो नकली पाया गया था। शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच करते हुए पुलिस ने आरोपी जयंत राज को गिरफ्तार कर लिया। अदालत के आदेश से आरोपी को कारागार भेज दिया। संवाद