कुरुक्षेत्र/पिहोवा। टूरिस्ट वीजा पर दंपती को कनाडा भेजने के नाम पर एजेंट द्वारा आठ लाख रुपये की धोखाधड़ी कर लिए जाने का मामला सामने आया है। आरोपी के वीजा फाइल में फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल करने पर शिकायतकर्ता के कनाडा के प्रवेश पर पांच साल का प्रतिबंध लग गया। शिकायत पर पुलिस ने आरोपी हरदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। थाना शहर पिहोवा में दर्ज शिकायत में नवनीत सिंह निवासी भट्ट माजरा ने बताया कि उसके चाचा के पास आरोपी हरदीप सिंह का आना-जाना था।
नवंबर 2021 में आरोपी ने उसे कनाडा का कपल वीजा लगवाने का आश्वासन दिया था। इस एवज में आरोपी ने उससे 10 लाख रुपये मांगे थे। बात तय होने पर आरोपी 20 जनवरी 2022 को दोनों के पासपोर्ट और आईडी के साथ आठ लाख रुपये नकद लेकर गया था। आरोपी ने एक महीने के अंदर उसका व उसकी पत्नी रूपिंदर कौर को कनाडा भेजने का आश्वासन दिया। 20 जुलाई 2022 को उसे ई-मेल से पता चला कि आरोपी ने वीजा की फाइल में फर्जी दस्तावेज का इस्तेमाल किया, जिस कारण उनके कनाडा में पांच साल तक प्रवेश करने पर प्रतिबंध लगा दिया गया। आरोपी ने फाइल में उसे सिविल इंजीनियर दिखाने के साथ फर्जी मुहर, बैंक स्टेटमेंट व रिटर्न तथा सैलरी स्लिप भी फर्जी बनाकर इस्तेमाल की। रुपये मांगने पर आरोपी ने इनकार कर दिया। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बैंक लिमिट बनवाने का झांसा दे दुकानदार से ठगे डेढ़ लाख
कुरुक्षेत्र। बैंक से लिमिट बनवाने का झांसा देकर डेढ़ लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोप में पुलिस ने एजेंट सहित दो लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना साइबर में दर्ज शिकायत में अमन हाल निवासी लाडवा ने बताया कि उसकी लाडवा में गारमेंट की दुकान है। करीब एक महीना पहले उसकी दुकान पर कुरुक्षेत्र निवासी तारकेश्वर सेन आया था, जिसने खुद को बीमा कंपनी का एडवाइजर बताया था। आरोपी ने उसे बैंक में लिमिट बनवाने का आश्वासन दिया था। कुछ दिन बाद आरोपी ने बताया कि उसने एजेंट महेश के पास उसकी फाइल भेज दी है।
बाद में उन्होंने उसकी दुकान की 10 से 15 लाख रुपए की लिमिट एक प्राइवेट बैंक से बनवाने का आश्वासन दिया। इस एवज में उन्होंने उस बैंक में खाता खोलकर उसमें डेढ़ लाख रुपये जमा करने के लिए कहा था। विश्वास करके उसने कहे अनुसार खाते में डेढ़ लाख रुपये डाल दिए। शाम को उसके मोबाइल पर खाते से डेढ़ लाख रुपये कटने का मैसेज आया। यह देखते ही तुरंत महेश को फोन मिलाया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।