कुरुक्षेत्र/शाहाबाद। मां की हत्या करने के मामले में पुलिस ने आरोपी मोहित अग्रवाल से रविवार को घटनास्थल की निशानदेही कराई। उसके बाद आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया। वहीं पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अपनी मां पर लगातार मकान बेचने के लिए दबाव डाल रहा था, मगर उसकी मां मकान बेचने पर राजी नहीं हो रही थी। छह जून की शाम इस बात को लेकर मां-बेटे के बीच झगड़ा हुआ तो आरोपी ने गला घोंटकर अपनी मां की हत्या कर दी थी। मकान को लेकर दोनों के बीच में अक्सर झगड़ा होता रहता था, जबकि आरोपी के बड़े भाई रोहित और उसके परिवार की उनके साथ बोलचाल बंद थी।
गौरतलब है कि शाहाबाद के हुडा-पार्ट के मकान 403 से पुलिस ने बुजुर्ग महिला कृष्णा का शव बरामद किया था। मकान से काफी दुर्गंध आने के बाद मकान की ऊपरी मंजिल पर रहने वाले रोहित अग्रवाल की पत्नी ने पुलिस को सूचना दी थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो बेड पर महिला का शव पड़ा था। कमरे से पुलिस ने आरोपी मोहित को हिरासत में लिया था। पुलिस ने आरोपी मोहित के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर दो चिकित्सकों के पैनल से शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया था। रविवार को पुलिस ने आरोपी को अदालत के आदेश से कारागार भेज दिया।
मां से करता था रुपयों की मांग
हुडा पुलिस चौकी प्रभारी पीएसआई महेश कुमार ने बताया कि आरोपी मोहित अनुबंध तौर पर बीएसएनएल अंबाला में काम करता था, मगर कुछ महीने पहले आरोपी ने नौकरी छोड़ दी थी। उसके बाद वह बेरोजगार था। इसलिए वह अपनी मां पर मकान बेचने का दबाव डाल रहा था ताकि मकान बेचकर मिली रकम से कोई नया काम शुरू कर सके, मगर उसकी मां उसे कोई नौकरी देखने के लिए कह रही थी। इसी को लेकर उसकी मां ने उसे चप्पलें मार दी थीं जिसके बाद आरोपी ने हमला कर अपनी मां का गला घोंटकर हत्या कर दी थी।