दुष्कर्म का आरोपी लॉकअप से फरार
- फोटो : सांकेतिक तस्वीर
कृष्णा गेट थाने के लॉकअप से दुष्कर्म का एक आरोपी भाग निकला, जिससे पुलिस में हड़कंप मचा हुआ है। आरोपी का फिलहाल कोई सुराग नहीं लग पाया है जबकि पुलिस की तीन टीमें उसकी तलाश कर रही हैं। आरोपी इंद्रजीत रत्नपालो, फतेहगढ़ साहिब, पंजाब का रहने वाला है, जो कुछ समय से कुरुक्षेत्र में अमीन रोड पर रह रहा है।
25 मई को दर्ज हुआ था मामला
आरोपी के खिलाफ 25 मई को ही मामला दर्ज किया गया था, जिसमें एक महिला ने आरोप लगाया था कि वह ईंट रोड़ा तोड़ने का काम करती है। आरोपी उसे काम करवाने के लिए अपने घर पर ले गया, जहां वह ईंट रोड़ा तोड़ने लगी। इसी दौरान उसने उसे कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी, जिसके बाद उसे होश नहीं रहा और फायदा उठाकर उसने दुष्कर्म किया। जब होश आया तो उसने विरोध किया।
लॉकअप से फरार हुआ आरोपी
आरोपी ने मारपीट की और फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। बीते दिन मंगलवार दोपहर को आरोपी को काबू कर लिया और उसे लॉकअप में डाल दिया था, जिसके बाद उसे बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाना था लेकिन किसी तरह वह लॉक खोलकर लॉकअप से भाग निकला। अल सुबह करीब तीन बजे जैसे ही पुलिस को यह पता चला तो हड़कंप मच गया और आसपास तलाश की लेकिन कोई पता नहीं चल सका।
फिलहाल पुलिस की तीन टीमें उसकी तलाश कर रही है। एसएचओ जगदीश टामक का कहना है कि आरोपी को जल्द काबू कर लिया जाएगा। उसके पिछले रिकॉर्ड को भी खंगाला जा रहा है।